दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने नेहरू प्लेस के बस टर्मिनल पर स्मार्ट कोल्ड आरओ वाटर डिस्पेंसर और 'जलदूत' पहल की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह योजना 'दिल्ली हीट एक्शन प्लान 2025' के अंतर्गत शुरू की गई है।
दिल्ली सरकार ने गर्मी के दिनों में यात्रियों को ठंडा पानी पिलाने के लिए 'जल दूत' योजना की शुरुआत कर दी है। इसके अंतर्गत दिल्ली के 500 प्रमुख बस स्टॉप पर स्मार्ट कोल्ड आरओ वाटर डिस्पेंसर के जरिए यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया जाएगा। यह सेवा देने के लिए इन बस स्टॉप पर जल दूत उपलब्ध रहेंगे। वे यात्रियों को लू से बचने के उपाय भी बताएंगे। यदि कोई यात्री बस स्टॉप पर यात्रा के दौरान बीमार होता है तो वे उन्हें अस्पताल भी पहुंचाएंगे। दिल्ली सरकार की इस योजना की काफी सराहना हो रही है।
विज्ञापन
मंत्री ने की शुरुआत
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने नेहरू प्लेस के बस टर्मिनल पर स्मार्ट कोल्ड आरओ वाटर डिस्पेंसर और 'जलदूत' पहल की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह योजना 'दिल्ली हीट एक्शन प्लान 2025' के अंतर्गत शुरू की गई है। इस योजना में दिल्ली के 14 बस टर्मिनल पर स्मार्ट कोल्ड आरओ वाटर डिस्पेंसर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 500 से ज़्यादा बस स्टॉप पर ‘जल दूत’ वॉलंटियर्स तैनात किए जा रहे हैं, जो यात्रियों को जल सेवा देंगे।
उन्होंने कहा कि, इस योजना के तहत 'जल दूतों' की तैनाती करना एक अहम कदम है। ये ‘जल दूत’ प्रशिक्षित वॉलंटियर्स हैं जो अपने साथ पानी के कंटेनर लेकर चलेंगे और जरूरतमंद यात्रियों को पानी देंगे और उन्हें गर्मी से राहत दिलाएंगे। दिल्ली हीट एक्शन प्लान 2025 के तहत ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट द्वारा बस स्टॉप पर लू से बचाव के उपाय बताने वाले पोस्टर और पंपलेट लगाए जा रहे हैं। ‘जल दूत’ न केवल पानी देंगे, बल्कि लोगों को गर्मी से बचाव के तरीके भी बताएंगे।