ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सोशल मीडिया पर पोस्टर वॉर छिड़ गया है। भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तुलना पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से की, तो कांग्रेस ने विदेश मंत्री जयशंकर को 'जयचंद' बता दिया। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर सेना का अपमान करने का आरोप लगाया।
ऑपरेशन सिंदूर पर मंगलवार को कांग्रेस और भाजपा के बीच पोस्टर वार छिड़ा हुआ है। भाजपा ने सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग पोस्टर जारी करके राहुल गांधी की तुलना पाकिस्तानी फौज के जनरल असीम मुनीर से की और उन्हें नए जमाने का मीर जाफर बताया। जवाब में कांग्रेस ने भी एक पोस्टर जारी कर विदेश मंत्री एस जयशंकर को जयचंद बता दिया।
विज्ञापन
भाजपा नेता अमित मालवीय ने मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्टर जारी किया, जिसमें आधा चेहरा असीम मुनीर का और आधा राहुल गांधी का है। इसमें उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। वह ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की लिए बधाई देने के बजाय बार-बार यही पूछ रहे हैं कि भारत ने कितने विमान गंवाए। लेकिन यह नहीं पूछा कि भारतीय सेना ने इस लड़ाई में कितने पाकिस्तानी जेट मारे या कितने हवाई अड्डों को तबाह किया।
मालवीय ने एक दूसरा पोस्ट भी जारी किया जिसमें राहुल पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पीठ पर चढ़कर भारतीय सेना से ये सवाल करते दिखते हैं कि हमने कितने विमान खोए? और शहबाज कहते हैं- तेज आवाज में पूछो। इसके जवाब में कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक पोस्टर जारी किया जिसमें विदेश मंत्री जयशंकर फोन पर किसी को सुरक्षित रहें जनाब कह रहे हैं और पीएम मोदी उन्हें तेज आवाज में बोलने की सलाह दे रहे हैं।
राहुल गांधी की एडिट की हुई तस्वीर से भड़की कांग्रेस ने भी आधा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आधा पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के चेहरे वाली तस्वीर पोस्ट की और लिखा, एक बिरयानी देश पर भारी। कांग्रेस नेता खेड़ा ने कहा कि निशान-ए-पाकिस्तान तो उनको मिलना चाहिए, जो नवाज शरीफ की बिरयानी खाकर आए थे।