कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सोमवार को दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि रैली को बदनाम करने और लोगों को दिल्ली आने से रोकने के लिए व्यापारियों को नुकसान होने और बाजार बंद रहने का डर फैलाया गया था। हालांकि, उनके मुताबिक भाजपा का यह दुष्प्रचार पूरी तरह नाकाम रहा और दिल्ली के कारोबारियों को इसका फायदा मिला।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा का पूरा प्रोपेगेंडा पंक्चर हो गया है। उन्होंने कहा कि जब देशभर से लोग दिल्ली आएंगे तो वे खरीदारी भी करेंगे। ऐसे में दिल्ली में कारोबार करने वाले हर व्यापारी को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से फायदा होगा।
भाजपा पर लगाए क्या आरोप?
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इस झूठे और तर्कहीन दुष्प्रचार का मकसद वोट चोरी और चुनाव आयोग की जवाबदेही जैसे असली मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाना था। इसके साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने और लोगों को महारैली में शामिल होने से रोकने की कोशिश की गई।
रमेश ने कहा कि दिल्ली की जनता और देशभर से आए लोगों ने इस दुष्प्रचार का जवाब अपने तरीके से दिया। राहुल गांधी की अपील पर लोगों ने दिल्ली के बाजारों में खरीदारी की। पुरानी दिल्ली के थोक बाजारों में दुकानें खुलीं और जमकर कारोबार हुआ। छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों से भी लोगों ने बड़ी संख्या में सामान खरीदा।
कांग्रेस नेता ने व्यापारियों को हुए नुकसान के दावों पर क्या कहा?
उन्होंने कहा कि अखबारों की रिपोर्ट खुद भाजपा के इस झूठे नैरेटिव की पोल खोल रही हैं। रमेश ने दिल्ली के व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने लोकतांत्रिक विरोध के साथ स्थानीय कारोबार का भी साथ दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को समझना चाहिए कि लोकतंत्र की आवाज को न डर से दबाया जा सकता है और न ही दुष्प्रचार से। उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता पिछले 12 साल से उनकी हरकतें देख रही है और अब उनके झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता वोट का अधिकार भी बचाएगी, कारोबार भी चलाएगी और जवाबदेही भी मांगेगी।
सीटीआई का दावा- कारोबार को 10 से 11 हजार करोड़ रुपये का नुकसान
जयराम रमेश के दावों के उलट चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने रविवार को कहा था कि रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली के कारण दिल्ली के व्यापारिक क्षेत्र को करीब 10,000 से 11,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। गोयल के मुताबिक, रैली स्थल के आसपास के 20 से 25 बड़े बाजार प्रभावित हुए। इन बाजारों की करीब तीन लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहीं।
अमित शाह ने भी रैली के समय पर उठाए थे सवाल
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रैली के समय पर सवाल उठाते हुए कहा था कि विपक्ष ने त्योहारों के सीजन से पहले व्यापारियों की परेशानियों को नजरअंदाज किया। उन्होंने कहा था कि दिल्ली के व्यापारियों ने विपक्षी नेताओं से रैली दिवाली के बाद करने की अपील की थी।
शाह के मुताबिक, व्यापारियों ने कहा था कि साल में एक सप्ताह ऐसा होता है, जब उनका सबसे ज्यादा कारोबार होता है। मिठाइयों और पटाखों का स्टॉक नहीं बिकने पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारियों ने तीन बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की, पत्र लिखे और रैली की तारीख बदलने की अपील की, लेकिन विपक्ष ने उसी दिन रैली करने का फैसला किया।
राहुल गांधी ने भी लगाया था दुकानें बंद कराने का आरोप
रैली से पहले लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा पर दिल्ली के कनॉट प्लेस में दुकानों को जबरन बंद कराने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि रैली में शामिल होने वाले लोगों से स्थानीय बाजारों का समर्थन करने की अपील की गई थी, लेकिन दिल्ली पहुंचने पर उन्हें दुकानें बंद मिलीं।