देश के 14वें उपराष्ट्रपति के लिए हुए चुनावों में एनडीए के उम्मीदवार जगदीप धनखड़ ने जीत दर्ज की है। उन्होंने विपक्ष की संयुक्त उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को बड़े अंतर से हराया। होने वाले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को 528 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं विपक्ष से इस पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को 182 वोट मिले हैं। जबकि 15 वोटों को रद्द कर दिया गया है। जीत के बाद ना केवल झुंझुनू में उनके गांव में जश्न का माहौल है। वहीं, दिल्ली में जगदीप धनखड़ को बधाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं। जेपी नड्डा और पीएम मोदी ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रह्ललाद जोशी के आवास पर धनखड़ से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने जीत की बधाई देते हुए गुलाब के फूलों का गुलदस्ता भी भेंट किया।
अमित शाह ने दी बधाई
गृह मंत्री अमित शाह ने भी जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट किया, 'किसान पुत्र जगदीप धनखड़ जी का भारत के उपराष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होना पूरे देश के लिए हर्ष का विषय है। धनखड़ जी अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में निरंतर जनता से जुड़े रहे हैं। जमीनी मुद्दों की बारीकी समझ व उनके अनुभव का उच्च सदन को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।' उन्होंने अपने अगले ट्वीट में लिखा कि,' मुझे विश्वास है कि उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति के रूप में जगदीप धनखड़ जी संविधान के एक आदर्श संरक्षक सिद्ध होंगे। उन्हें इस जीत पर बधाई देता हूँ। साथ ही मोदी जी के नेतृत्व में NDA सहयोगियों, अन्य दलों व संसद सदस्यों का धनखड़ जी का समर्थन करने के लिए आभार व्यक्त करता हूँ।'
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी जीत की बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उपराष्ट्रपति चुनाव जीतने पर जगदीप धनखड़ को बधाई दी।
राहुल गांधी ने दी जीत की बधाई
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करके जगदीप धनखड़ को भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि ने संयुक्त विपक्ष की भावना का अनुग्रह और सम्मान के साथ प्रतिनिधित्व करने के लिए मार्गरेट अल्वा का आभार।
विपक्ष की उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने टीएमसी पर साधा निशाना
विपक्ष की उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा ने एनडीए के जगदीप धनखड़ को चुनाव जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट करके बिना नाम लिए टीएमसी पर निशाना भी साधा। उन्होंने ट्वीट किया, टदुर्भाग्य से, कुछ विपक्षी दलों ने एकजुट विपक्ष के विचार को पटरी से उतारने की कोशिश में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा का समर्थन करना चुना...इस तरह उन्होंने अपनी खुद की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आगे कहा कि 'यह चुनाव खत्म हो गया है। हमारे संविधान की रक्षा, हमारे लोकतंत्र को मजबूत करने और संसद की गरिमा को बहाल करने की लड़ाई जारी रहेगी।'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी ने भी दी बधाई
भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और प्रह्लाद जोशी ने भी इस अवसर पर उन्हें बधाई दी।
धनखड़ के गांव में जश्न का माहौल
जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने के बाद झुंझुनू में उनके पैतृक आवास पर जश्न का माहौल है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने जगदीप धनखड़ ने देश के उप-राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर बधाई दी है। उन्होंने जगदीप धनखड़ का अभिनंदन करते हुए कहा कि आप का उपराष्ट्रपति चुना जाना, देश के लिए गौरव की बात है। उप-राष्ट्रपति के पद पर आपका कार्यकाल पूर्णतः सफल रहेगा, यह मुझे विश्वास है।
वहीं, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने भी जगदीप धनखड़ को जीत की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वे भौरोंसिंह शेखावत के बाद राजस्थान से दूसरे उपराष्ट्रपति बने हैं। जिससे प्रदेशवासियों को खुशी है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भारी जीत हासिल करने पर जगदीप धनखड़ को शुभकामनाएं और बधाई दी है।