फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jagannath Rath Yatra 2020: धूमधाम से निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, पुरी के राजा ने लगाई सोने की झाड़ू

Tue, 23 Jun 2020 03:51 PM IST
आसिम खान न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पुरी

खास बातें

  • पुरी में धूमधाम से निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
  • सुप्रीम कोर्ट ने शर्तों के साथ दी है रथयात्रा निकालने की अनुमति
  • 500 से अधिक लोगों को रथ खींचने की अनुमति नहीं: सुप्रीम कोर्ट
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की बधाई
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:51 PM, 23-Jun-2020

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के मौके पर रांची में जगन्नाथ मंदिर में दर्शन किए।

03:44 PM, 23-Jun-2020

ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने देखा रथ यात्रा का लाइव प्रसारण

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भुवनेश्वर के अपने दफ्तर से जगन्नाथ रथ यात्रा का लाइव प्रसारण देखा। इसके साथ ही उन्होंने रथ यात्रा विशेष अंक के साथ राज्य सरकार की उत्कल प्रसंगा मैगज़ीन का भी विमोचन किया।
 

03:13 PM, 23-Jun-2020

हवा का रुख है उलटा

अक्सर समुद्री इलाकों में हवा का रुख दिन के समय समुद्र से धरती की तरफ होता है जब कि शाम को उसका रुख बदल जाता है वह धरती से समुद्र की ओर बहने लगती है लेकिन यहां भगवान जगन्नाथ की माया इसे उल्टा कर देती है और दिन में धरती से समुद्र की ओर व शाम को हवा समुद्र से मंदिर की ओर बहती है यानि धरती की ओर हवा का बहाव होता है।

विज्ञापन
03:02 PM, 23-Jun-2020

नहीं पड़ती है परछाई

विज्ञान के इस नियम को तो आप जरूर जानते ही होंगे कि जिस वस्तु पर भी रोशनी पड़ेगी उसकी छाया भले ही आकार में छोटी या बड़ी बने, बनेगी जरूर। लेकिन सृष्टि के पालनहार भगवान जगन्नाथ के मंदिर का ऊपरी हिस्सा विज्ञान के इस नियम को चुनौती देता है क्योंकि दिन के किसी भी समय इसकी परछाई नजर नहीं आती।

02:50 PM, 23-Jun-2020

मंदिर के ऊपर से नहीं उड़ता है कोई विमान और पक्षी

जगन्नाथ मंदिर की यह बात आपको आश्चर्य में डाल देगी कि मंदिर की गुम्बद के ऊपर से न तो कभी कोई विमान गुजरता है और न ही इसके ऊपर कभी कोई पक्षी बैठता या उड़ता हुआ नजर आता है।

विज्ञापन
02:12 PM, 23-Jun-2020

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिल्ली में जगन्नाथ मंदिर में की पूजा

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज जगन्नाथ रथयात्रा के अवसर पर हौज खास में जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया और पूजा की।
 

 

01:51 PM, 23-Jun-2020

अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर में रथ यात्रा का आयोजन

गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा राज्य सरकार की धार्मिक यात्रा को लेकर दायर याचिका रद्द किए जाने के बाद मंगलवार को भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर में ही प्रतीकात्मक तौर पर रथ यात्रा आयोजित की गई।

01:46 PM, 23-Jun-2020

ममता बनर्जी ने लोगों को दी जगन्नाथ रथ यात्रा की बधाई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को लोगों को जगन्नाथ रथ यात्रा के शुभ अवसर पर बधाई दी।

01:33 PM, 23-Jun-2020

मंदिर के अंदर नहीं सुनाई देती लहरों की आवाज

यह भी किसी रहस्य से कम आपको नहीं लगेगा कि मंदिर के सिंहद्वार से एक कदम आप अंदर रखें तो आपको समुद्र की लहरों की आवाज नहीं सुनाई देगी। विशेषकर शाम के समय आप इस अद्भुत अनुभव को बहुत अच्छे से महसूस कर सकते हैं। लेकिन जैसे ही मंदिर से बाहर कदम निकाला कि आपको सपष्ट रूप से लहरों की आवाज सुनाई देगी

01:16 PM, 23-Jun-2020

रोजाना करीब 25000 से ज्यादा भक्त ग्रहण करते हैं प्रसाद

मंदिर के इस प्रसाद को रोजाना करीब 25000 से ज्यादा भक्त ग्रहण करते हैं। विशेष बात तो यह है कि यहां न तो प्रसाद बचता है और न ही कभी कम पड़ता है।

01:02 PM, 23-Jun-2020

मिटटी के बर्तनों में पकाया जाता है प्रसाद

इस रसोई में प्रसाद पकाने के लिए सात बर्तन एक दूसरे के ऊपर रखे जाते हैं। यह प्रसाद मिटटी के बर्तनों में लकड़ी पर ही पकाया जाता है, पर आश्चर्य की बात यह है कि इस दौरान सबसे ऊपर रखे बर्तन का पकवान सबसे पहले पकता है फिर नीचे की तरफ से एक के बाद एक प्रसाद पकता जाता है। 

12:57 PM, 23-Jun-2020

अनूठी है जगन्नाथ मंदिर की रसोई

श्री जगन्नाथ के मंदिर में स्थित रसोई दुनिया की सबसे बड़ी रसोई मानी जाती है। इसमें एक साथ 500 के करीब रसोइये और 300 के आस-पास सहयोगी भगवान के प्रसाद को तैयार करते हैं। मंदिर में प्रवेश से पहले दाईं तरफ आनंद बाजार और बाईं तरफ महा प्रभु श्री जगन्नाथ मंदिर की पवित्र और विशाल रसोई है। 

12:45 PM, 23-Jun-2020

सुदर्शन चक्र दिखता है सीधा

मंदिर के शिखर पर ही अष्टधातु निर्मित सुदर्शन चक्र है। इस चक्र को नील चक्र भी कहा जाता है और मान्यता के अनुसार इसके दर्शन करना बहुत ही शुभ माना जाता है। इसकी खास बात यह है कि यदि आप किसी भी कोने से खड़े होकर किसी भी दिशा से इस चक्र को देखेंगें तो वह हमेशा आपके सामने बिल्कुल सीधा ही नजर आएगा।

12:34 PM, 23-Jun-2020

हवा की विपरीत दिशा में लहराता है मंदिर का ध्वज

मंदिर के शिखर पर स्थित ध्वज हमेशा हवा की विपरीत दिशा में लहराता है। ऐसा क्यों होता है यह एक रहस्य ही बना हुआ है। एक और अद्भुत बात इस ध्वज से जुड़ी है वह यह कि इसे हर रोज बदला जाता है और बदलने वाला भी उल्टा चढ़कर ध्वजा तक पंहुचता है।

12:06 PM, 23-Jun-2020

अक्षय तृतीया से आरंभ हो जाता है नए रथों का निर्माण

  • बलराम के रथ का नाम ताल ध्वज और उंचाई 45 फुट होती है वहीं सुभद्रा का दर्पदलन रथ 44.6 फुट ऊंचा होता है। 
  • अक्षय तृतीया से नए रथों का निर्माण आरंभ हो जाता है। 
  • प्रतिवर्ष नए रथों का निर्माण किया जाता है। 
  • इन रथों को बनाने में किसी भी प्रकार के कील या अन्य किसी धातु का प्रयोग नहीं होता।

11:49 AM, 23-Jun-2020

पुरी के राजा गजपति महाराज रथयात्रा में भाग लेने के लिए मंदिर पहुंचे

ओडिशा में पुरी के राजा गजपति महाराज दिब्यसिंह देब रथयात्रा में भाग लेने के लिए पुरी के जगन्नाथ मंदिर पहुंच गए हैं। वह 'छेरा पहरा' की रस्म निभाएंगे, जहां वह सोने के हैंडल वाली झाड़ू से रथ पर झाड़ू लगाएंगे।
 

 

11:34 AM, 23-Jun-2020

दूसरे रथों कि तुलना में बड़ा होता है भगवान जगन्नाथ का रथ

  • भगवान जगन्नाथ का रथ अन्य रथों कि तुलना में बड़ा होता है और रंग लाल पीला होता है।  
  • भगवान जगन्नाथ का रथ सबसे पीछे चलता है पहले बलभद्र फिर सुभद्रा का रथ होता है।
  • भगवान जगन्नाथ के रथ को नंदीघोष कहते हैं जिसकी ऊंचाई 45.6 फुट होती है। 

11:23 AM, 23-Jun-2020

नीम की लकड़ी से ही बनाई जाती है भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा

  • प्रत्येक वर्ष भगवान जगन्नाथ सहित बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाएं नीम की लकड़ी से ही बनाई जाती हैं। 
  • इसमें रंगों का भी विशेष ध्यान दिया जाता है। 
  • भगवान जगन्नाथ का रंग सांवला होने के कारण नीम की उसी लकड़ी का इस्तेमाल किया जाता जो सांवले रंग की हो। 
  • वहीं, उनके भाई-बहन का रंग गोरा होने के कारण उनकी मूर्तियों को हल्के रंग की नीम की लकड़ी का प्रयोग किया जाता है।
  • तीनों रथ का निर्माण और आकार अलग-अलग होता है। रथ नारियल की लकड़ी से बनाए जाते हैं। 

11:12 AM, 23-Jun-2020

रथयात्रा से जुड़ी रोचक बातें

  • भगवान को ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा के दिन जिस कुंए के पानी से स्नान कराया जाता है वह पूरे साल में सिर्फ एक बार ही खुलता है।
  • कुंए से पानी निकालकर दोबारा उसे बंद कर दिया जाता है।
  • भगवान को हमेशा स्नान में 108 घड़ों में पानी से स्नान कराया जाता है।

11:01 AM, 23-Jun-2020

कोलकाता में इस्कॉन मंदिर के परिसर में निकाली गई रथयात्रा 

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में इस्कॉन मंदिर में कोरोना वायरस महामारी के बीच, मंदिर परिसर में रथयात्रा निकाली गई।
 



 

10:51 AM, 23-Jun-2020

पुरी के जगन्नाथ मंदिर में सभी पुजारियों की हुई कोरोना जांच 

ओडिशा के कानून मंत्री प्रताप जीना ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, पुरी के जगन्नाथ मंदिर में सभी पुजारियों की कोरोना जांच की गई। एक पुजारी ने पॉजिटिव परीक्षण किया, उन्हें रथ यात्रा में भाग लेने की अनुमति नहीं है। 

10:41 AM, 23-Jun-2020

गृहमंत्री शाह ने की थी गजपति महाराज और पुरी शंकराचार्य से चर्चा

रथयात्रा पर जारी संशय के बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव से बात की थी। शाह ने इसकी जानकारी देते हुए ट्वीट किया, भगवान जगन्नाथ के अनन्य भक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर मैंने रविवार शाम गजपति महाराज (पुरी के राजा) और पुरी के शंकराचार्य से बात की। यात्रा के बारे में उनके विचारों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।

प्रधानमंत्री ने न केवल श्रद्धालुओं की भावनाओं को समझा, बल्कि इस मामले में तुरंत सकारात्मक हल निकालने के लिए प्रयास शुरू हुए, ताकि हमारी महान परंपरा कायम रहे। शाह ने लिखा, पीएम के निर्देश पर सोमवार सुबह सॉलिसिटर जनरल से बात की। मामले की गंभीरता को देखते हुए इस केस को सुप्रीम कोर्ट की अवकाश पीठ के समक्ष उठाया गया। दोपहर बाद हुई सुनवाई में यह सुखद फैसला आया। इसके लिए ओडिशा के लोगों को बधाई।

10:28 AM, 23-Jun-2020

सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने कहा था- परंपरा टूटी तो 12 साल तक नहीं निकलेगी रथयात्रा

भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मंदिर प्रशासन को रथयात्रा की अनुमति दी जा सकती है। उन्होंने कहा, अगर भगवान जगन्नाथ को कल (मंगलवार) बाहर नहीं लाया गया तो परंपरा के मुताबिक अगले 12 साल तक बाहर नहीं निकाला जा सकता है। सदियों की परंपरा नहीं तोड़ सकते।

10:18 AM, 23-Jun-2020

हालात बेकाबू होने पर रोकी जा सकती है रथयात्रा

रथयात्रा की अनुमति देते हुए शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि यात्रा में शामिल सभी लोगों का कोरोना टेस्ट कराया जाए। साथ ही यदि हालात बेकाबू होते दिखें तो ओडिशा सरकार यात्रा को रोक सकती है। साथ ही कहा कि पुरी के अलावा ओडिशा में कहीं और यात्रा नहीं निकाली जाएगी।

10:06 AM, 23-Jun-2020

यात्रा के दौरान पुरी में जारी रहेगा कर्फ्यू

पुरी में भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा की शुरुआत हो गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को इसके लिए अनुमति दे दी। हालांकि कोर्ट ने ओडिशा सरकार को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान पुरी में कर्फ्यू लगाया जाए। एक रथ को 500 से ज्यादा लोग न खींचें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। वहीं, सरकार ने सोमवार को हुई सुनवाई में कहा था कि यदि परंपरा टूटती है तो फिर अगले 12 साल तक रथयात्रा नहीं निकलेगी।

09:57 AM, 23-Jun-2020

भगवान जगन्नाथ की मौसी का घर मना जाता है गुंडिचा मंदिर

गुंडिचा मंदिर भगवान जगन्नाथ की मौसी का घर मना जाता है। यहां भगवान सात दिनों तक आराम करते हैं। इसके बाद वापसी की यात्रा शुरु होती है। ओडिशा में पुरी के अलावा भी कई जगहों पर ऐसी यात्राएं आयोजित की जाती हैं। अहमदाबाद में भी रथयात्रा निकलती है। आज गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने सोने के झाड़ू से झाड़ू लगाकर रथ खींचा।

09:42 AM, 23-Jun-2020

सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद जय जगन्नाथ के नारों से गूंजा पुरी

सुप्रीम कोर्ट द्वारा सोमवार को रथयात्रा को हरी झंडी देने के बाद जय जगन्नाथ के उद्घोष के साथ पुरी गूंज उठा। सेवादारों ने तीनों रथ खींचकर मुख्य मंदिर तक पहुंचाए और रथयात्रा की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो गईं। सुप्रीम कोर्ट ने यात्रा के ठीक एक दिन पहले हुई सुनवाई में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पर कोरोना संक्रमण के चलते लगी रोक हटा ली, लेकिन कड़ी शर्तों के साथ।

09:13 AM, 23-Jun-2020

जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा शुरू

पुरी में जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा की शुरुआत हो गई है। रथयात्रा से पहले आज सुबह मंदिर परिसर को सैनिटाइज किया गया। 
 

 

09:09 AM, 23-Jun-2020

पुरी जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा निकालने के लिए एकत्रित हुए पुजारी 

ओडिशा में पुरी जगन्नाथ मंदिर में रथयात्रा निकालने के लिए पुजारी एकत्रित हो गए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कल कोरोना महामारी के बीच इस साल वार्षिक रथ उत्सव आयोजित करने की अनुमति दी थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार 500 से अधिक लोगों को रथ खींचने की अनुमति नहीं है।

09:04 AM, 23-Jun-2020

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के पावन-पुनीत अवसर पर आप सभी को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि श्रद्धा और भक्ति से भरी यह यात्रा देशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, सौभाग्य और आरोग्य लेकर आए। जय जगन्नाथ!

09:00 AM, 23-Jun-2020

अहमदाबाद के भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचे सीएम रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी रथयात्रा के लिए अहमदाबाद के भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंच गए हैं। मंदिर परिसर के अंदर रथयात्रा निकाली जाएगी। विजय रूपाणी ने कहा कि उच्च न्यायालय में कल देर रात तक सुनवाई जारी रही लेकिन हमें कोरोना के कारण रथयात्रा की अनुमति नहीं मिल सकी। मैं मंदिर के ट्रस्टी और महंत को स्थिति को समझने और मंदिर परिसर के अंदर रथ यात्रा की व्यवस्था करने के लिए धन्यवाद देता हूं।

08:59 AM, 23-Jun-2020

पुरी में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारी

सुप्रीम कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद आज पुरी में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी। फिलहाल मंदिर में इसके लिए तैयारी चल रही है।

08:48 AM, 23-Jun-2020

धूमधाम से निकाली जा रही भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, पुरी के राजा ने लगाई सोने की झाड़ू

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पुरी में रथयात्रा निकालने के अनुमति दे दी जिसके बाद आज रथयात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ रथयात्रा निकालने की अनुमति दी है। 


 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें