भारत और पाक के बीच एलओसी पर आए दिन हो रही है गोलाबारी और सीजफायर उल्लघंन से जम्मू-कश्मीर सरकार ने लोगों के बचाव के लिए एक कड़ा कदम उठाया है।
घाटी के निवासियों पर हमलों का असर ना हो इसके लिए सरकार एलओसी के करीब राजौरी में 100 बंकर बना रही है। सीमा पार से हो रहे मोर्टार हमले में लोगों को बचाने में इन बंकरों से मदद मिलेगी।
राजौरी के डिप्टी कमिश्नर शाहिद इकबाल चौधरी के मुताबिक, ये बंकर एलओसी के पास नौशेरा सेक्टर में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने इन निर्माणाधीन बंकरों का दौरा कर काम का जायजा भी लिया है।
चौधरी ने आगे बताया कि एलओसी पर किसी भी तरह की हमले की स्थिति में इन बंकरों में 1200-1500 लोग अपने को सुरक्षित रख सकेंगे। बता दें कि चौधरी की नजर में इन बंकरो पर काम किया जा रहा है।
इसके अलावा चौधरी ने उन इलाकों का भी जायजा लिया है जहां गोलीबारी की घटना ज्यादा हो रही हैं। वहीं, गांववालों को इन बंकरों के बारे में सूचित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 6121 बंकर इस क्षेत्र में बनाए जाने का प्रस्ताव है। इन बंकरों को लोगों की जान बचाने के लिए पायलट प्रोजेक्ट के तहत जल्द से जल्द से बनाया जा रहा है।