इटली में कोरोना वायरस के कारण 1000 से ज्यादा मौत और 15 हजार से ज्यादा संक्रमित मरीजों के मामले सामने आने पर वहां की सरकार ने काफी सख्त कदम उठाए हैं। इस सख्ती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इटली में बिना कारण घर से बाहर निकलने पर 300 यूरो यानि लगभग 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जा रहा है।
यह जानकारी अमर उजाला से खास बातचीत में ओलांग में रह रहे भारतीय नागरिक मगराज ने दी है। मगराज मूल रूप से राजस्थान के झुंझुनू के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि इटली में कोरोना से बचाव के लिए सरकार ने अत्यधिक सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। सभी को घर में ही रहने की हिदायत दी है।
उन्होंने कहा कि लोग केवल दूध, दवाई या सब्जी लेने ही बाहर निकल सकते हैं। इसके लिए भी लोगों को एक फॉर्म भरकर देना होगा, जिसमें कहां से आ या जा रहे हैं और क्यों किस काम से जा रहे हैं यह बताना होगा। अकारण घर से निकलने पर 300 यूरो यानि लगभग 25000 रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है।