सीबीआई ने दिल्ली में आयकर आयुक्त के खिलाफ कथित भ्रष्टाचार मामले में सोमवार को 12 ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई सूत्रों ने बताया कि 1988 बैच के भारतीय राजस्व अधिकारी हरिबंश कुमार चौधरी के खिलाफ कथित आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।
सीबीआई के प्रवक्ता आर के गौर ने बताया कि सीबीआई की टीम ने 12 स्थानों पर छापेमारी की है। उन्होंने कहा कि चौधरी सहायक आयुक्त और आयकर आयुक्त रहते हुए अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर 4 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जुटाई। चेन्नई, सूरत, सहरसा और दिल्ली में अधिकारी के ठिकानों सहित उसके गांव में भी छापेमारी की गई। सूरत और चेन्नई स्थित दो चार्टर्ड अकाउंटेंट को उनका करीबी माना जाता है। छापेमारी के दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए।