स्तन कैंसर से जूझ रही एलिसन हैब्बल को हमेशा ये डर सताता था कि कैंसर के इलाज का उनके शरीर पर कैसा असर होगा। वो कितना दर्द भरा और डरावना होगा। सिडनी की रहने वाली एलिसन तब 36 साल की थीं जब उन्हें कैंसर हुआ था।
उन्हें पता था कि कीमोथेरेपी के बाद उनके बाल झड जाएंगे। सर्जरी के बाद उन्हें अपना निप्पल खोना पडेगा और स्तन पर दाग रह जाएंगे। प्लास्टिक सर्जरी की मदद से फिर से निप्पल बनाने का आइडिया भी उन्हें पसंद नहीं आया था।
वो कहती हैं, "मैं जिस्म के किसी और हिस्से के मांस से बना नकली निप्पल नहीं चाहती थी। तो मुझे ख्याल आया कि क्यों न मैं स्तन पर टैटू बनवाऊं।" एलिसन बताती हैं, "उन दिनों मैं बीमार थी। सारा दिन बिस्तर पर लेटे लेटे मैं इंटरनेट पर टैटू आर्टिस्ट की खोजती रहती।"
काफी मशक्कत के बाद उन्होंने न्यूजीलैंड की 24 साल की एक आर्टिस्ट मैक्काला रोज को ढूंढ निकाला। रोज ने 13 घंटे की मेहनत कर उनके स्तन पर एक बोल्ड और रंगों से भरा खूबसूरत टैटू बना डाला।
एलिसन टैटू देखकर काफी खुश थी। उन्होंने टैटू की तस्वीर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट कर दी। फिर क्या था टैटू सोशल मीडिया पर हिट हो गया। इसके बारे में वहां लोगों ने अच्छी-खासी प्रतिक्रिया दी।