मुंबई में एक आईटी इंजीनियर ने अपनी मां को जहर देने के बाद खुद आत्महत्या कर ली है। घटना यहां के मीरा रोड की है। पुलिस का कहना है कि विदेश में नौकरी ना मिलने पर वह तनाव में था। इंजीनियर की पहचान वेंकटेश्वर अय्यर (42) और उसकी मां मीनाक्षी (75) के तौर पर हुई है। उसने शुक्रवार को अपने घर में जहर पीकर खुद को भी मार लिया।
पड़ोसियों ने फ्लैट के मालिक से शिकायत की कि उनके फ्लैट से काफी बदबू आ रही है। जिसके बाद दोनों के शव रविवार को बरामद हुए। पुलिस को अय्यर के लैपटॉप से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने घटना के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। मीरा रोड पुलिस स्टेशन में एक्सिडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) का मामला दर्ज कर लिया गया है।
अय्यर और उसकी मां जुलाई, 2017 से सातवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस ने बताया कि इस साल अप्रैल में उनकी लीज एक्सपायर हो गई। हालांकि अय्यर ने अपने फ्लैट मालिक देवदत्त दुखंदे को तीन महीने और लीज को बढ़ाने को कहा था।
मीरा रोड पुलिस स्टेशन के एसपी शेखर दोंबे का कहना है, "अय्यर पहले शहर में एक प्रतिष्ठित कंपनी में काम करता था। उसने हाल ही में अपनी नौकरी खोई है और बीते तीन महीने से किराया भी नहीं भरा था। हालांकि, उसने विदेश में नौकरी मिलने की बात कहकर अपने मकान मालिक से तीन महीने और रहने की मंजूरी ले ली थी।"
दोंबे ने आगे बताया, "रविवार को जब पड़ोसियों ने बिल्डिंग से बदबू आते देखी तो मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। उन्होंने (दुखांदे) ने डुप्लीकेट चाभी से दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो पता चला कि अंदर से दरवाजे की चिटकनी बंद थी। इसके बाद उसने हमें सूचित किया और हमने दरवााज तोड़ा।"
पुलिस के अनुसार, अय्यर तनाव में था क्योंकि उसे विदेश में कहे मुताबिक नौकरी नहीं मिली थी। दोंबे ने कहा, "हम पोस्टमार्ट रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहे हैं। हमने सोमवार को केरल में रह रहे उनके रिश्तेदारों को भी इस बारे में बता दिया है।"