भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने एक हाइब्रिड मोटर का सफल परीक्षण किया है। इससे रॉकेटों के प्रक्षेपण की नई तकनीक का रास्ता साफ हो गया है। भावी प्रक्षेपण यानों के लिए नई प्रणोदन प्रणाली (new propulsion system) का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि मंगलवार को तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC) में 30 केएन नई हाईब्रिड मोटर का परीक्षण किया गया। इस परीक्षण में इसरो के तरल प्रणोदन प्रणाली केंद्र ने मदद की। इस हाइब्रिड मोटर में हाइड्रॉक्सिल-टर्मिनेटेड पॉलीब्यूटाडाइन का ईंधन के रूप में और तरल ऑक्सीजन का ऑक्सीडाइजर के रूप में इस्तेमाल किया गया।
इसरो द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि मंगलवार को हाइब्रिड मोटर का सफल परीक्षण किया गया। मोटर का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। इससे आगामी लॉन्च व्हीकलों के लिए नई प्रणोदन प्रणाली का मार्ग प्रशस्त हुआ।