मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों और बलिदानियों की याद में रविवार को देशभर की आंखें नम थीं। देश के कोने-कोने से लोगों ने उन सभी को श्रद्धांलि दी। इसी सिलसिले में इस्राइली महावाणिज्य दूत, कोबी शोशानी ने भी रविवार को मुंबई के दर्द पर शोक जताया। उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत और इस्राइल का डीएनए दोनों देशों के बीच मजबूत बंधन की नींव है। इसके अलावा शोशानी ने बताया कि वे न केवल आतंकवाद बल्कि फर्जी खबरों से भी लड़ रहे हैं।
स्मारक पर की पुष्पांजलि अर्पित
मुंबई में ब्रम्हा रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित तीसरे राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन में बोलते हुए, शोशानी को हमले के ठिकानों में से एक नरीमन हाउस का दौरा याद आया। वे वहां गए और 26/11 हमले में जान गंवाने वालों के लिए एक स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
शोशानी ने कहा कि मुद्दा सिर्फ सुरक्षा चिंताओं का नहीं बल्कि आर्थिक समस्याओं का भी है। चुनौतियों के बावजूद, शोशानी ने आतंकवाद और भय से मुक्त एक सुरक्षित स्थान बनाने के लिए इस्राइल की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुंबई हमले की इस्राइल पर अटैक से की तुलना
वह बोले कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ने के लिए भारत और इस्राइल दोनों का डीएनए दोनों देशों के बीच मजबूत बंधन की नींव है। इसके साथ ही, उन्होंने मुंबई में 26/11 के हमले की तुलना हमास के हाल ही में 7 अक्तूबर को इस्राइल पर किए गए हमले से भी की।
भारत के समर्थन को स्वीकार करते हुए, शोशानी ने विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण समय के दौरान सहायता के लिए देश को धन्यवाद दिया। उन्होंने आगे कहा, 'भारत को बहुत-बहुत धन्यवाद। भारत से हमें जो समर्थन मिलता है वह हमारे दिलों को छू जाता है। युद्ध के पहले दिन, अमेरिकियों और, आपकी अनुमति से, अमेरिकी राष्ट्रपति बिडेन ने दो वाहक और एक परमाणु पनडुब्बी भेजी। हम इसे कभी नहीं भूलेंगे'।