भारत में इजरायल के राजदूत डेनियल कार्मोन ने कहा है कि आगामी 14 नवंबर से शुरू हो रही इजरायली राष्ट्रपति रियुवेन रिवलिन की यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में और मजबूती आएगी। उन्होंने बताया कि रिवलिन की यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, शिक्षा, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में कई अहम समझौतों पर मुहर लगने की उम्मीद है।
इनमें रक्षा और कृषि क्षेत्र में इजरायल भारत की तकनीकी हस्तांतरण की मांग को स्वीकार कर सकता है। गौरतलब है कि अपनी इस यात्रा के दौरान रिवलिन ताजमहल का दीदार करने के साथ ही मुंबई और करनाल का भी दौरा करेंगे।
दूतवास के अनुसार रिवलिन बीते साल अक्टूबर में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की इजरायल यात्रा के दौरान दिए गए आमंत्रण पर यहां आ रहे हैं। इस क्रम में 14 नवंबर को देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद रिवलिन अगले ही दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस यात्रा में रिवलिन राष्टï्रपति, उपराष्टï्रपति, विदेश मंत्री के साथ-साथ कई अन्य सियासी हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे।