इस्राइल ने जॉयश्री दास वर्मा को भारत में पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए अपना मानद काउंसिल नियुक्त किया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में संबंधों को मजबूती देने के लिए इस्राइल ने यह कदम उठाया है।
भारत में इस्राइली राजदूत डॉ. रॉन मलका ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, हमारा देश भारत के पूर्वोत्तर राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और नगालैंड में अपनी मौजूदगी दर्ज कराना चाहता है।
इस्राइल चाहता है कि भारत के अन्य राज्यों की तरह पूर्वोत्तर राज्यों से भी उसके संबंध मजबूत हों। इसी के मद्देनजर इस्राइल ने जॉयश्री दास वर्मा को पूर्वोत्तर क्षेत्र में मानद काउंसिल नियुक्त किया है।
वर्मा ने मानद काउंसिल नियुक्त किए जाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, पूर्वोत्तर राज्यों में इस्राइल का प्रतिनिधित्व करना सम्मान की बात है। असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के साथ काम करने को लेकर मैं उत्साहित हूं।