राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने केंद्र द्वारा एलपीजी की कीमतों में कटौती को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया। उन्होंने पूछा कि क्या रेवड़ी संस्कृति नहीं है?
एक ओर जहां इस साल के अंत में पांच राज्यों में विधानसभा होने हैं, वहीं दूसरी ओर अगले साल आम चुनाव भी हैं। इस बीच, मंगलवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गरीबों के लिए सस्ते दाम में एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराने के फैसले को मंजूरी दे दी। केंद्र ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में 200 रुपये की अतिरिक्त कटौती की है। इससे पहले रविवार को मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार ने 450 रुपये में गैस सिलेंडर मुहैया कराने की घोषणा की थी। ऐसे में कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार ने यह कदम कांग्रेस का मुकाबला करने के लिए उठाया है।
सिब्बल का वार
कपिल सिब्बल ने सोशल मीडिया पर पूछा कि पीएम जी क्या उज्ज्वला के लिए 400 रुपये की राहत देना 'रेवरी' संस्कृति नहीं है? उन्होंने आगे लिखा कि मुझे लगता है कि यह गरीब परिवारों के लिए है। खुशी है कि आपने उन्हें याद किया है। मुझे यकीन है कि 2024 के करीब आने पर आप उनके बारे में और सोचेंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि, जब विपक्षी दल ऐसी राहत देते हैं तो यह 'रेवड़ी' संस्कृति बन जाती है! जय हो!
पहले थे कांग्रेस के नेता
बता दें, सिब्बल, जो यूपीए I और II के दौरान केंद्रीय मंत्री थे, ने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी के समर्थन से एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में राज्यसभा के लिए चुने गए। बाद में, उन्होंने अन्याय से लड़ने के उद्देश्य से एक गैर-चुनावी मंच 'इंसाफ' बनाया।
दिल्ली में यह हैं दाम
फिलहाल, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1,103 रुपये है। केंद्र का आज फैसला लागू होने के बाद सिलेंडर 903 रुपये में मिलेंगे। वहीं, उज्ज्वला लाभार्थियों के लिए, प्रति सिलेंडर सब्सिडी जारी 200 रुपये पर विचार करने के बाद कीमत 703 रुपये होगी।