भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अब पर्यटकों की यात्रा को रोमांचक बनाने के लिए नई सेवा शुरू करने जा रही है। आईआरसीटीसी देश में पहली बार लग्जरी क्रूज की सेवा निजी कंपनी कॉर्डेलिया क्रूज के साथ मिलकर क्रूज सर्विस शुरू करने जा रही है। पहला क्रूज 18 सितंबर को मुंबई से गोवा जाएगा। इसकी बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए शुरू हो गई है।
आईआरसीटीसी के मुताबिक, आईआरसीटीसी ने भारत में पहले स्वदेशी लग्जरी क्रूज के प्रचार व विपणन के लिए मैसर्स वाटरवेज लीजर टूरिज्म प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित कॉर्डेलिया क्रूज के साथ अनुबंध किया है। क्रूज में यात्रियों को ऐसी सेवा दी जाए जो स्टाइलिश, लक्जीरियस और आरामदेह हो। भारत के लोग जिस ढंग की सेवा और छुट्टियों का आनंद चाहते हैं, उसी तरह की सेवा देने की कोशिश आईआरसीटीसी की तरफ से की जा रही है। इस क्रूज में करीब 2,000 यात्रियों को ले जाने की क्षमता है।
यहां घूम सकेंगे पर्यटक
क्रूज से लोग देश के सबसे मशहूर स्थल जैसे गोवा, दिव, लक्षद्वीप, कोच्चि और श्रीलंका के टूरिस्ट प्लेस का भ्रमण कर सकेंगे। कोर्डेलिया क्रूजेज अपनी पहली यात्रा 18 सितंबर को शुरू करने जा रहा है। पहले फेज में यह क्रूज अपने बेस स्टेशन मुंबई से रवाना होगा। साल 2022 से क्रूज का बेस स्टेशन चेन्नई में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद श्रीलंका के अलग-अलग इलाके जैसे कोलंबो, गाले, त्रिकोनमाली और जाफना के लिए टूरिस्ट रवाना हो सकेंगे।
इतना देना होगा किराया
आईआरसीटीसी के अनुसार, क्रूज के किराए को तीन श्रेणियों में रखा गया है। इकोनॉमी क्लास में सफर करने वाले एक यात्री को मुंबई से गोवा की दो रातों के सफर के लिए 17,877 रुपये किराया देना होगा। जबकि सी-फेसिंग रूम के लिए एक व्यक्ति को मुंबई से गोवा के दो रातों के टूर के लिए 25,488 रुपये किराया देना होगा। इसके अलावा बालकनी रूम विद सी फेसिंग व्यू के लिए एक व्यक्ति को मुंबई से गोवा तक दो रात के टूर के लिए 31,506 रुपये किराया चुकाना होगा। पांच सितारा होटल की तरह सुविधायुक्त क्रूज में सफर करने वाले यात्री स्वीमिंग पुल, बार, ओपन थिएटर और जिम का लुत्फ भी ले सकेंगे।
करना होगा कोरोना प्रोटोकाल का पालन
क्रूज में सफर करने वाले यात्रियों के लिए आईआरसीटीसी ने दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। कोरोना वैक्सीन लगवाने वाले यात्री ही इस क्रूज में यात्रा कर सकेंगे। साथ ही, जो भी यात्री क्रूज से यात्रा करेंगे उन्हें 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट अपने साथ रखनी होगी। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए क्रूज के सभी क्रू मेंबर का भी वैक्सीनेशन किया गया है। इसके अलावा रोज सभी का हेल्थ चेकअप भी किया जाएगा। क्रूज के लोगों की सुविधा के लिए एक मेडिकल टीम भी तैनात की जाएगी।