दिवाली से ठीक पहले जब देशभर में लाखों लोग घर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक करने की कोशिश कर रहे थे, उसी वक्त आईआरसीटीसी (IRCTC) की वेबसाइट और मोबाइल एप ने काम करना बंद कर दिया। गुरुवार, 05 नवंबर की सुबह अचानक वेबसाइट और एप दोनों अस्थायी रूप से ठप हो गए, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, आमतौर पर एसी क्लास की तत्काल टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे और स्लीपर क्लास की बुकिंग 11 बजे शुरू होती है। लेकिन आज बुकिंग शुरू होने के ठीक पहले वेबसाइट और एप ने काम करना बंद कर दिया। इस वजह से हजारों यूजर्स टिकट बुक नहीं कर पाए और सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
परेशान हो रहे यात्री
एप में दिक्कत आ रही है तो क्या करें?
- एप अपडेट करें: आईआरसीटीसी रेल कनेक्ट का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल करें।
- नेटवर्क बदलकर देखें: वाई-फाई से मोबाइल डेटा या मोबाइल डेटा से वाई-फाई पर स्विच करें।
- कुछ देर बाद कोशिश करें: बार-बार एरर आने पर थोड़ी देर रुककर दोबारा लॉगइन करें।
- पेमेंट स्टेटस जांचें: पैसे कटने पर दोबारा भुगतान करने से पहले टिकट हिस्ट्री देखें।
- काउंटर से टिकट लें: ऑनलाइन बुकिंग में लगातार दिक्कत हो तो रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर का विकल्प चुन सकते हैं। सीट उपलब्धता वहां भी जरूरी होगी।
आईआरसीटीसी में शिकायत कहां करें?
ऑनलाइन टिकट बुकिंग, पेमेंट या रिफंड से जुड़ी समस्या के लिए यात्री आईआरसीटीसी के eQuery पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा कस्टमर केयर नंबर 14646 पर संपर्क किया जा सकता है। ई-टिकट से जुड़ी शिकायत के लिए etickets@irctc.co.in पर ईमेल भी किया जा सकता है।
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि त्योहारी सीजन में टिकटों की मांग अधिक रहने की वजह से यात्रियों को बुकिंग के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर पेमेंट फेल होने या एप अटकने पर जल्दबाजी में दोबारा भुगतान करने के बजाय पहले ट्रांजैक्शन का स्टेटस जांचना जरूरी है।