भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) की 1989 बैच की अधिकारी नीना सिंह को एक बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। आईपीएस नीना सिंह को सीआईएसएफ महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। गृह मंत्रालय के एक आदेश में यह जानकारी दी गई है। वे राजस्थान पुलिस में डीजी पद पर अपनी सेवाएं देने वाली पहली महिला आईपीएस ऑफिसर रह चुकी हैं।
वर्तमान में यहां हैं तैनात
सीआईएसएफ के प्रमुख शील वर्धन सिंह के 31 अगस्त को सेवानिवृत्त इसके मद्देनजर नीना सिंह को यह अहम जिम्मेदारी दी गई है। नीना सिंह वर्तमान में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के मुख्यालय में विशेष महानिदेशक (डीजी) के पद पर तैनात हैं।
सीआईएसएफ को नागरिक हवाई अड्डों, दिल्ली मेट्रो और एयरोस्पेस और परमाणु क्षेत्र में संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
शील वर्धन सिंह बिहार कैडर के 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी
बिहार कैडर के 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी शील वर्धन सिंह को नवंबर 2021 में सीआईएसएफ डीजी नियुक्त किया गया था। वह गुरुवार को सेवा से सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
आदेश में कहा गया है कि नीना सिंह नियमित कार्यभार सौंपे जाने तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, सीआईएसएफ महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगी। वह राजस्थान कैडर से हैं। उनके पति भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी रोहित कुमार सिंह केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के सचिव हैं।