इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है। 31 मई रविवार को गुजरात के अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच खेला जाएगा। ऐसे में क्रिकेट प्रेमी आसानी से अहमदाबाद पहुंच सके इसलिए एयरलाइन कंपनी और रेलवे ने यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम किए है।
आईपीएल फाइनल के मद्देनजर अकासा एयरलाइंस बेंगलुरु और नवी मुंबई से अहमदाबाद के लिए विशेष उड़ानों का संचालन करेगी। एयरलाइन की ये अतिरिक्त फ्लाइट्स 31 मई और 1 जून 2026 को उपलब्ध रहेंगी। फाइनल मुकाबले के दिन उड़ानों का शेड्यूल सुबह और दोपहर के समय रखा गया है, जिससे क्रिकेट प्रशंसक समय पर अहमदाबाद पहुंचकर मैच का आनंद ले सकें।
एयरलाइंस की विशेष उड़ान QP 6892 31 मई 2026 को बेंगलुरु से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी और करीब 11:50 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। यह फ्लाइट विशेष रूप से आईपीएल फाइनल देखने जा रहे क्रिकेट प्रशंसकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालित की जा रही है, ताकि वे समय पर मैच स्थल तक पहुंच सकें।
एयरलाइंस ने नवी मुंबई से अहमदाबाद के लिए भी विशेष उड़ान की व्यवस्था की है। फ्लाइट संख्या QP 6882 31 मई को दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी और शाम 4:15 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। जबकि फाइनल मुकाबले के बाद दर्शकों की वापसी को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने 1 जून 2026 के लिए भी विशेष उड़ानों की घोषणा की है। अहमदाबाद से नवी मुंबई के लिए फ्लाइट संख्या QP 6885 देर रात 3:10 बजे उड़ान भरेगी और सुबह 4:45 बजे पहुंचेगी। वहीं, अहमदाबाद से बेंगलुरु के लिए फ्लाइट संख्या QP 6887 सुबह 4:10 बजे रवाना होगी और 6:35 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
वहीं, क्रिकेट प्रेमियों के सफर को यादगार बनाने के लिए एयरलाइन कंपनी ने कई विशेष सुविधाओं की भी घोषणा की है। एयरलाइन की 'स्काईस्कोर' सेवा के जरिए यात्री उड़ान के दौरान भी लाइव मैच स्कोर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, जिससे वे आसमान में रहते हुए भी फाइनल मुकाबले की हर अपडेट से जुड़े रहेंगे। इसके अलावा, बोइंग स्काई इंटीरियर की डायनामिक लाइटिंग तकनीक का उपयोग करते हुए विमान के केबिन को स्काईलाइट्स के माध्यम से भारतीय तिरंगे के रंगों से सजाया जाएगा।
खेल प्रेमियों के लिए रेलवे भी चलाएगा स्पेशल ट्रेन
आईपीएल 2026 फाइनल को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने भी क्रिकेट प्रशंसकों के लिए विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। पश्चिम रेलवे के अनुसार, यह स्पेशल ट्रेन 31 मई 2026 को सुबह 6:20 बजे मुंबई से रवाना होगी। यह ट्रेन मैच शुरू होने से काफी पहले अहमदाबाद पहुंच जाएगी। रेलवे का उद्देश्य दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचने के लिए सुविधाजनक और किफायती यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें मैच देखने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जबकि फाइनल मुकाबला खत्म होने के बाद दर्शकों की वापसी को आसान बनाने के लिए स्पेशल ट्रेन 1 जून 2026 को तड़के 3:50 बजे अहमदाबाद से रवाना होगी और सुबह मुंबई पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस विशेष सेवा का उद्देश्य आईपीएल फाइनल के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को संभालना और नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव कम करना है। रेलवे का मानना है कि इस व्यवस्था से क्रिकेट प्रशंसकों को सुविधा मिलेगी, वहीं अन्य यात्रियों की यात्रा भी प्रभावित नहीं होगी।
दरअसल,मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग देश के सबसे व्यस्त रूटों में से एक है। इस रूट पर सामान्य दिनों में भी यात्रियों की अच्छी-खासी संख्या रहती है। ऐसे में आईपीएल फाइनल जैसे बड़े आयोजन के दौरान टिकटों की मांग बढ़ने और नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट बनने की संभावना थी। इसी को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन का समय फाइनल मुकाबले के कार्यक्रम को ध्यान में रखकर तय किया गया है। इससे क्रिकेट प्रशंसक मैच देखने के लिए आसानी से अहमदाबाद पहुंच सकेंगे और मुकाबला समाप्त होने के बाद बिना अतिरिक्त ठहराव या यात्रा संबंधी परेशानियों के वापस लौट सकेंगे।