पूर्व वित्तमंत्री पी चिदंबरम मंगलवार को एयरसेल-मैक्सिस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए दूसरी बार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबह करीब 11 बजे ईडी मुख्यालय पहुंचे। वित्तमंत्री रहते चिदंबरम को रिपोर्ट करने वाली जांच एजेंसी ने उन्हें 5 जून के बाद दूसरी बार तलब किया है।
अधिकारी ने बताया कि पिछली बार की तरह इस बार भी जांच अधिकारी ने मनी लॉन्ड्रिंग निषेध कानून के तहत चिदंबरम का बयान दर्ज किया। माना जा रहा है कि इस मामले में डील और चिदंबरम द्वारा लिए गए फैसले के संबंध में जांच एजेंसी उनके सामने नए सवाल पूछना चाहती है। एजेंसी ने पिछली बार पूर्व वित्तमंत्री से विभिन्न पहलुओं पर छह घंटे तक उनके बयान दर्ज किए थे। गौरतलब है कि ईडी इस मामले में चिदंबरम के बेटे कार्ति से पहले ही दो बार पूछताछ कर चुकी है। इतना ही नहीं एजेंसी कार्ति और उनकी कंपनी की 1.16 करोड़ की संपत्ति भी अटैच कर चुकी है।