मोहम्मद शमी की जगह अफगानिस्तान के खिलाफ होने जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में टीम में शामिल किए गए नवदीप सैनी को लेकर गौतम गंभीर ने एक ट्वीट किया है। युवा खिलाड़ी के चयन पर खुश होते हुए गंभीर ने पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी और पूर्व भारतीय बल्लेबाज चेतन चौहान को आड़े हाथों लिया।
बता दें कि मोहम्मद शमी के यो-यो टेस्ट में फेल होने के बाद युवा गेंदबाज नवदीप सैनी को उनकी जगह अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जाने वाले एकलौते टेस्ट मैच में जगह दी गई। बेहद साधारण परिवार से आने वाले सैनी घरेलु क्रिकेट में सबसे तेज रफ्तार से गेंद फेंकने वाले खिलाड़ी हैं।
सोमवार को भारतीय टीम में जगह बनाने वाले सैनी ने कहा , 'गौतम भैया ने मुझसे कहा कि जैसे टेनिस बॉल से डालता है, वैसे ही डाल। कोई टेंशन नहीं। बाकी सब ठीक हो जाएगा।' उसने कहा , 'मैंने वही किया जो उन्होंने कहा। मैं आज उनकी वजह से ही यहां हूं। पता नहीं क्यों लेकिन जब भी मैं गौतम गंभीर के बारे में बोलता हूं तो भावुक हो जाता हूं।'