दिसंबर में भारत में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या 43.2 करोड़ थी जसमें इस साल के जून तक भारी बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। बुधवार को जारी हुई एक रिपोर्ट में सामने आया है कि इस साल के जून तक भारत में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 45 करोड़ से 46.5 करोड़ के बीच हो जाएगी।
आईएएमएआई-आईएमआरबी की रिपोर्ट में बताया कि 43.2 करोड़ इंटरनेट उपभोक्ताओं में से 26.9 करोड़ उपभोक्ता देश के शहरी इलाकों में रहने वाले थे। इसमें कहा गया कि शहरी भारत की 60 फीसदी आबादी इंटरनेट का उपयोग करती है जो कि एक अच्छे स्तर को दिखाता है वहीं पर ग्रामीण भारत में इंटरनेट उपभोक्ता मात्र 17 फीसदी हैं जहां कि इंटरनेट को पहुंचाने के लिए बहुत काम किया जाना है। इस रिपोर्ट में देखा गया कि शहरी इंटरनेट उपयोगकर्ता का 51 फीसदी (13.71 करोड़) हिस्सा प्रतिदिन इंटरनेट का उपयोग करता है जबकि दूसरी तरफ कुल शहरी इंटरनेट उपयोगकर्ताओं का 90 फीसदी (24.2 करोड़) हिस्सा महीने में एक बार इंटरनेट का उपयोग करता है।
हालांकि, ग्रामीण भारत में इंटरनेट का उपयोग करने वालों में से 48 फीसदी (7.8 करोड़) लोग प्रतिदिन इंटरनेट का उपयोग करते हैं जबकि 83 फीसदी (14 करोड़) लोग महीने में एक बार इंटरनेट का उपयोग करते हैं। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि शहरी भारत का 77 फीसदी और ग्रामीण भारत का 92 हिस्सा इंटरनेट का उपयोग करने के लिए मोबाइल फोन को प्राथमिक उपकरण मानता है। शहरी भारत में जहां ऑनलाइन संचार व सोशल नेटवर्किंग के लिए इंटरनेट का उपयोग होता है वहीं पर ग्रामीण भारत में वीडियो व ऑडियो जैसे मनोरंजन के साधनों के लिए इंटरनेट का अधिक उपयोग किया जाता है।