05:54 AM, 21-Jun-2019
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: कब और कैसे हुई दुनिया में शुरूआत
27 सिंतबर 2014 को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुत्त राष्ट्र महासभा में योग के फायदों पर प्रकाश डाला था। उस वक्त यूएन में भारत के राजूदत रहे अशोक मुखर्जी ने भारत की तरफ से विश्व योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा और 11 दिसंबर 2014 को संयुत्त राष्ट्र महासभा में 193 सदस्यों ने 21 जून को विश्व योग दिवस मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। 'ग्लोबल हेल्थ एंड फॉरेन पॉलिसी' के एजेंडे के तहत अपनाए गए प्रस्ताव में स्वीकार किया गया कि योग स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है और इसके लाभों के बारे में जानकारी का व्यापक प्रसार दुनिया के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होगा। इसके लिए 21 जून का दिन चुना गया, क्योंकि यह उत्तरी गोलार्ध में साल का सबसे बड़ा दिन होता है। इसके बाद 2015 से विश्व में यह दिवस मनाया जाने लगा। इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'क्लाइमेट एक्शन है'।
स्वामी राजर्षि मुनि समेत चार को पीएम योग पुरस्कार
इस साल का प्रधानमंत्री योग पुरस्कार गुजरात के लाइफ मिशन के स्वामी राजर्षि मुनि, इटली की एंटोनिएटा रोजी, मुंगेर स्थित ‘बिहार स्कूल ऑफ योगा’ और जापान के ‘जापान योगा निकेतन’ को मिला है। यह पुरस्कार योग में असाधारण योगदान और प्रोत्साहन के लिए दिया जाता है। आयुष सचिव की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने कुल 79 नामांकनों में से विजेताओं का चयन किया है। प्रत्येक विजेता को सर्टिफिकेट, ट्रॉफी और 25 लाख रुपये नकद मिलेंगे।