उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस अवसर पर ट्वीट कर लिखा कि प्रदेश की नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सर्वांगीण उन्नयन के लिए यूपी सरकार प्रतिबद्ध है। उसी क्रम में आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 'मिशन शक्ति' के द्वितीय चरण का शुभारंभ हो रहा है। आइए, हम सभी 'मिशन शक्ति' के उद्देश्यों की सफलता हेतु सहभागी बनें।
महिलाओं के लिए सम्मान की चाह : शिवराज
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर भोपाल में महिला सफाई कर्मचारियों से बात की और उनके साथ झाड़ू भी लगाई।शिवराज सिंह ने कहा, ''मुझे खुशी है कि मैंने दिन की शुरुआत सफाई कर्मी बहनों के साथ की। जब मैंने उनसे पूछा कि महिलाओं के लिए क्या होना चाहिए, तो उन्होंने सबसे बड़ी बात कही कि पहली चीज सम्मान होना चाहिए। महिलाओं की सबसे बड़ी चाह सम्मान की है।''
नोएडा में महिलाओं के लिए पिंक मैराथन
उत्तर प्रदेश: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर नोएडा अथॉरिटी ने नोएडा स्टेडियम में महिलाओं के लिए पिंक मैराथन आयोजित की।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की प्रगति पूरे समाज के सामने एक मिसाल पेश कर रही हैं। वर्ष 2010 में हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से अपने दोनों हाथ गंवाने के बाद आज वो ना सिर्फ आम लोगों की तरह अपने सारे काम खुद करती हैं बल्कि जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाती भी हैं। प्रगति ने कहा कि किसी भी महिला को कभी खुद को किसी से कम नहीं समझना चाहिए। मैं अपना सारा काम खुद करती हूं। मैं ट्यूशन पढ़ाती हूं और अपना सारा खर्च खुद उठाती हूं। मैं एक शिक्षिका बनना चाहती हूं।