आज अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीटों को याद किया। साथ ही जापान ओलंपिक में भाग लेने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक क्विज भी ट्वीट की है और देशवासियों से इसका जवाब देने का आग्रह किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ''ओलंपिक दिवस के मौके पर मैं उन सभी की सराहना करता हूं, जिन्होंने सालों तक ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधत्व किया है। भारत को उनके योगदान व अन्य एथलीटों को प्रेरित करने के लिए किए गए प्रयासों पर गर्व है। कुछ हफ्ते में टोक्यो 2020 ओलंपिक गेम्स शुरू होने वाले हैं। हमारे एथलीटों को शुभकामनाएं।'
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट के साथ एक क्विज का लिंक साझा किया। पीएम ने लिखा कि यहां एक दिलचस्प क्विज है। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी से विशेषकर युवाओं से भाग लेने का आग्रह करता हूं। बता दें कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस 2021 के लिए 'स्वस्थ रहें, मजबूत रहें, ओलंपिक दिवस वर्कआउट के साथ एक्टिव रहें' थीम है।
बता दें कि दुनिया भर में हर साल 23 जून को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस मनाया जाता है। यह दिन खेल व फिटनेस को समर्पित है। इस अवसर पर दुनिया में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसमें हर वर्ग के लोग व खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। बता दें कि वर्ष 1894 में आज के ही दिन अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की स्थापना की गई थी। पहली बार 23 जून 1948 को ओलंपिक दिवस मनाया गया था। पुर्तगाल, यूनान, ऑस्ट्रिया, कनाडा, स्विट्जरलैंड, ग्रेट ब्रिटेन, उरुग्वे, वेनेजुएला और बेल्जियम ने पहली बार ओलंपिक दिवस का आयोजन किया था।