खुफिया विभाग ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली फेसबुक की 28 आईडी को चिन्हित किया है। इसके अलावा व्हाट्सऐप के 28 मोबाइल नंबरों को निगरानी पर लिया गया है। दरअसल बदली राजनीतिक परिस्थितियों में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वाले तमाम लोग सक्रिय हैं। खुफिया एजेंसियां अब ऐसे लोगों को चिन्हित कर रही हैं। सुबूत इकट्ठा करने के बाद उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विधानसभा चुनावों और परिणाम के बाद अचानक से फेसबुक और व्हाट्सऐप पर भड़काऊ मैसेज भेजने का सिलसिला तेजी से शुरू हुआ।
ऐसे संदेशों से शहर की कानून व्यवस्था और माहौल बिगड़ने का खतरा था। सत्ती चौरा में दो पक्षों के बीच विवाद को तूल देने में ऐसे तत्वों का अहम रोल रहा। विवाद के दौरान बेहद आपत्तिजनक मैसेजे भेजने के साथ फेसबुक की कई आईडी से आपत्तिजनक पोस्ट भी किए गए। समय रहते पुलिस प्रशासन हरकत में न आता और इलाके में भारी पुलिस बल के साथ त्वरित कार्रवाई न की गई होती तो माहौल बिगड़ सकता था।