फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

आतंकी मसूद अजहर पर खुफिया एजेंसी की पड़ताल, मौत की कोई जानकारी नहीं 

न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: Shilpa Thakur Updated Mon, 04 Mar 2019 11:55 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मसूद अजहर

पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर की सोशल मीडिया पर चल रही मौत की खबर के बारे में खुफिया एजेंसी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी है। 



हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों का कहना है कि इसके अलावा उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि गुर्दे की बीमारी के चलते मसूद अजहर का इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा है।


अजहर पाकिस्तान के बहावलपुर का निवासी है। उसने साल 2000 में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद की स्थापना की थी। 50 वर्षीय अजहर को जब भारत सरकार ने 1994 में गिरफ्तार किया तब वह आतंकी संगठन हरकत-उल-मुजाहिदीन (Hum-हम) का सदस्य था।


आतंकी अजहर को कैद से छुड़ाने के लिए आतंकियों ने भारतीय विमान का अपहरण किया और उसे कांधार ले गए। विमान में तीन आतंकियों सहित 176 लोग सवार थे। इन लोगों ने अजहर समेत कई अन्य आतंकियों को रिहा करने की मांग की थी।


जिसके बाद 31, दिसंबर 1999 को अजहर को रिहा किया गया। रिहा होने के बाद अजहर ने 31 जनवरी, 2002 को जैश-ए-मोहम्मद का गठन किया। यूं तो इस नाम का मतलब होता है, पैगंबर मोहम्मद की फौज। लेकिन इसके सदस्यों ने इसके उलट काम कर आतंक फैलाया। अजहर उरी, पुलवामा, पठानकोट, भारतीय संसद, जम्मू विधानसभा जैसे हमलों का जिम्मेदार है।


अधिकारियों का कहना है कि रविवार को सोशल मीडिया पर ऐसी कई रिपोर्ट आ रही थीं कि अजहर की मौत हो चुकी है। लेकिन इसकी अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। बालाकोट स्थित जैश के आतंकी कैंप पर भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी को हवाई हमला किया था, ये वही कैंप है जहां युवाओं को कश्मीर और जिहाद के नाम पर आतंक का प्रशिक्षण दिया जाता है। कैंप पर हमला इसलिए भी किया गया क्योंकि ये आतंकी पुलवामा हमले के बाद एक और हमले की साजिश रच रहे थे।


पुलवामा हमला 14 फरवरी को हुआ था, जिसमें केंद्रीय सुरक्षा पुलिस बल (सीआरपीएफ) को निशाना बनाया गया। इस हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश ने ली थी। सरकार का कहना है कि हवाई हमले में जैश का कैंप पूरी तरह नष्ट हो गया है। 
विज्ञापन


पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महसूद कुरैशी ने बीते हफ्ते सीएनएन को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर पाकिस्तान में रह रहा है और बहुत बीमार है। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि सरकार उसके खिलाफ तभी कार्रवाई करेगी जब भारत मजबूत सबूत पेश करेगा, जिन्हें अदालत में दिखाया जा सके।


कुरैशी ने कहा था, "मेरी जानकारी के अनुसार वो पाकिस्तान में है। वह इतना बीमार है कि घर से बाहर भी नहीं निकल सकता।'

और पढ़ें...
विज्ञापन
विज्ञापन
Next