खुफिया एंजेसियों ने दिल्ली समेत अन्य राज्यों के प्रशासन को आतंकवादी हमले को लेकर चेतावनी जारी की है। खुफिया एंजेसियों के अनुसार अल-कायदा के आतंकी सेल से जुड़े और इस्लामिक स्टेट के आतंकी भारत में रह रहे यहूदी और इस्राइली लोगों पर सिंतबर और अक्टूबर के महीने में उनकी छूट्टियों के दौरान उनपर हमला करने की साजीश रच रहे हैं।
मालूम हो कि, यहूदी समुदाय के लोग सितंबर और अक्टूबर के बीच तीन छुट्टियां मनाते हैं। रोश हशनाह (यहूदी नव वर्ष) से इसकी शुरू होती है, जो 29 सितंबर और एक अक्टूबर के बीच पड़ता है यहूदी धर्म का सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर आठ और नौ अक्टूबर के बीच होता है। जबकि सुक्कोट 13 से 22 अक्तूबर के बीच मनाया जाएगा। इन छूट्टियों के दौरान अल-कायदा के आतंकी नई दिल्ली में इस्राइली दूतावास पर हमले की साजिश रच रहे हैं। जिसको लेकर सुरक्षा एंजेसियों ने सतर्क किया है। आतंकियों के निशाने पर इस्राइलियों द्वारा बनाए गए स्कूल और होटल भी हैं।
चूंकि, इस्राइल ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के भारत सरकार के कदम का समर्थन किया था, इसलिए आतंकी संगठन भारतीयों के साथ-साथ भारत में रह रहे इस्राइली लोगों को भी निशाना बनाने की फिराक में हैं। खासकर सितंबर और अक्टूबर की छुट्टियों के मौसम में बड़ी संख्या में यहूदी पर्यटक इस्राइल से भारत आते हैं।
अल कायदा और आईएस से जुड़े आतंकवादी सेल दुनिया भर में इस्राइल के ठिकानों पर हमले करने की फिराक में हैं। इस बात के मद्देनजर, भारत के संभावित ठिकानों में नई दिल्ली में इस्राइली दूतावास, यहूदी स्कूलों, रेस्तरां और होटलों में इस्राइली नागरिकों को निशाना बनाया जा सकता है। दिल्ली के अलावा अन्य कई शहरों के लिए भी ये चेतावनी जारी की गई है।