भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस केसरी मंगलवार को 580 टन खाद्य पदार्थ लेकर मालदीव की राजधानी माले पहुंच गया। नौसेना ने बताया कि यह जहाज कोरोना वायरस महामारी के दौरान चालू किए गए मिशन सागर के तहत भेजा गया है।
नौसेना ने एक बयान में कहा, खाद्य सामग्री सौंपने का काम पूरी तरह ऑनलाइन तरीके से पूरा किया गया। इस मौके पर मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद, रक्षा मंत्री मारिया अहमद दीदी और भारत के उच्चायुक्त संजय सुधीर मौजूद रहे। बता दें कि मिशन सागर भारतीय नागरिकों को विदेश से निकालने के लिए चालू किए गए ऑपरेशन समुद्र सेतु का ही हिस्सा है। इसके तहत केंद्र सरकार भारत के मित्र देशों की मदद कर रही है।