केंद्रीय सूचना आयोग (सीवीसी) ने उस विवादित गुप्त यूनिट से संबंधी रिकॉर्ड का खुलासा करने से इनकार कर दिया जिसे तत्कालीन सेना प्रमुख वी. के. सिंह ने बनवाया था। सीवीसी ने सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत इस टेक्निकल सर्विस डिविजन के बारे में मांगी गई जानकारी देने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि इससे देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंच सकता है।
सूचना आयुक्त दिव्य प्रकाश सिन्हा ने कहा, ‘आयोग का मानना है कि इस प्रकार की सूचना यदि आम जन तक पहुंच जाए तो इससे अनावश्यक आशंकाएं पैदा होंगी और राष्ट्रीय सुरक्षा को पर्याप्त खतरा होगा। हमें ध्यान में रखना होगा कि खुफिया तंत्र बहुत संवेदनशील होता है और देश की सुरक्षा के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है।’
कमीशन ने पाया कि आरटीआई के अनुच्छेद 10 के तहत मांगी गई सूचना देना यहां संभव नहीं है क्योंकि इसके साथ कई सारी ऐसी फाइलें और रिपोर्टें जुड़ी हुई हैं जो देश की सामरिक सुरक्षा के लिए बनाई गई हैं।