वरिष्ठ वकील इंदु मल्होत्रा ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के जज के रूप में शपथ ले ली है। चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वे पहली महिला वकील हैं जिन्हें शीर्ष अदालत का जज नियुक्त किया गया है।
मल्होत्रा की नियुक्ति को लेकर बृहस्पतिवार को सुप्रीम कोर्ट में काफी जोर-आजमाइश हुई। शीर्ष अदालत के लगभग 100 वकीलों ने चीफ जस्टिस की पीठ के समक्ष याचिका दायर कर उनकी नियुक्ति पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना था कि उन्हें मल्होत्रा के नाम पर आपत्ति नहीं है, बल्कि वे चाहते हैं कि उनके साथ जस्टिस केएम जोसेफ को भी सुप्रीम कोर्ट का नियुक्त किया जाए क्योंकि कोलेजियम ने सरकार को दोनों के नाम की सिफारिश की थी। शीर्ष अदालत ने इस याचिका को अकल्पनीय करार देते हुए खारिज कर दिया।
जस्टिस केएम जोसेफ को सुप्रीम कोर्ट का जज नियुक्त करना उचित प्रतीत नहीं होता है। अगर ऐसा किया जाता तो उनसे वरिष्ठ और ज्यादा योग्य हाईकोर्टों के चीफ जस्टिस और जजों के साथ अन्याय होता। - रविशंकर प्रसाद, कानून मंत्री
भारतीय न्यायपालिका खतरे में है। अगर न्यायपालिका अपनी स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एकजुट नहीं होती है तो देश का लोकतंत्र खतरे में है। अब तो न्यायपालिका को एक स्वर में कह देना चाहिए कि पानी सिर से ऊपर जा रहा है। - कपिल सिब्बल, कांग्रेस नेता