बहुचर्चित शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी की तबीयत फिर से अचानक बिगड़ गई है। शुक्रवार की देर रात उन्हें अचेतावस्था में भायखला महिला जेल से जेजे अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि इंद्राणी की हालत नाजुक है। इसलिए उन्हें अति गहन दक्षता कक्ष (सीसीयू) में भर्ती किया गया है।
जेजे अस्पताल के डॉ. संजय सुरासे ने बताया कि जब अस्पताल लाया गया, तब इंद्राणी की हालत काफी नाजुक थी। अस्पताल में इलाज शुरू होने के बाद अब उनकी हालत स्थिर हुई है। सीसीयू में 46 वर्षीय इंद्राणी मुखर्जी का इलाज डॉ. विकार शेख की देखरेख में चल रही है। डॉ. सुरासे ने कहा कि इंद्राणी को इमरजेंसी वार्ड से क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में शिफ्ट किया गया है।
उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। सीटी स्कैन और एमआरआई की गई है। इस बीच, इंद्राणी की वकील गुंचन मंगला जेजे अस्पताल उन्हें देखने के लिए पहुंची लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उन्हें इंद्राणी से नहीं मिलने दिया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इंद्राणी से मिलने के लिए उनके वकील को पहले जेल प्रशासन की अनुमति लेनी पड़ेगी।
दूसरी ओर, यह भी चर्चा है कि किसी दवा की ओवरडोज से इंद्राणी की हालत बिगड़ी है लेकिन अस्पताल की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले भी साल 2015 में इंद्राणी को जेल से जेजे अस्पताल लाया गया था। उस वक्त अस्पताल के तत्कालीन डीन डॉ. तात्याराव लहाने ने बताया था कि किसी दवा की ओवरडोज के चलते उनकी हालत खराब हुई थी। तब 10 दिन के इलाज के बाद उन्हें फिर जेल भेज दिया गया था।