कानपुर के पुखरायां में भीषण हादसे के बाद फैजाबाद में रेलवे की फिर एक बड़ी चूक सामने आई है। यहां सोमवार रात पौने तीन बजे पटना-इंदौर एक्सप्रेस के गुजरते समय पटरी टूट गई। कई डिब्बे हिचकोले खाने लगे। गार्ड और चालक की सूचना पर तत्काल रूट की 8 ट्रेनों को जगह-जगह रोक दिया गया। मंगलवार भोर में ट्रैक दुरुस्त होने पर ट्रेनें रवाना हुईं।
सोमवार रात पौने तीन बजे अप पटना-इंदौर एक्सप्रेस टूटी पटरी से गुजर गई। यह वही ट्रेन थी जो दुर्घटना के बाद बचे डिब्बों को लेकर पटना भेजी गई थी और अप 19322 बनकर पटना से इंदौर जा रही थी। राजेंद्र नगर(पटना)-इंदौर ट्रेन रात 02:35 बजे करीब अयोध्या से फैजाबाद के लिए रवाना हुई।
रेलवे का कहना है कि आचार्य नरेंद्रदेव नगर (सिटी स्टेशन) और फैजाबाद के बीच रात पौने तीन बजे के करीब गेट संख्या 117-118 के मध्य किमी. संख्या 966/1-2 पर दबाव से पटरी चटक गई। पूरी गति से जा रही ट्रेन ट्रैक टूटने पर हिचकोले खाने लगी। चालक व गार्ड ने इसकी सूचना अगले स्टेशन पर दी। इसके पहले ट्रैक फ्रैक्चर की जानकारी आचार्य नरेंद्रदेव नगर के डिस्प्ले बोर्ड पर रेड लाइट जलने पर हुई।
ड्यूटी पर तैनात स्टेशन उप अधीक्षक एमएन मिश्र ने सूचना दूसरे स्टेशनों के साथ इंजीनियरिंग विभाग को भी दी। आठ ट्रेनों को अयोध्या, फैजाबाद व आचार्य नरेंद्रदेव नगर में रोका गया। रेल अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गये। मंगलवार सुबह 04:20 बजे के करीब पटरी को क्लैंप से बांधकर जहां-तहां खड़ी ट्रेनों को गुजारे जाने का काम शुरू हुआ।
फैजाबाद यार्ड और इसके इर्द-गिर्द का ट्रैक काफी पुराना व जर्जर है। सिस्टम भी काफी पुराना होने से सिग्नलिंग, गियर, लॉक दुरुस्त करने में दिक्कतें हैं। आरआरआई बिल्डिंग बनने के बाद पूरा सिस्टम और रेल लाइन बदलने का कार्य होगा।
- एसके सप्रा, एडीआरएम उत्तर रेलवे, लखनऊ