इंडिगो ने शनिवार को कहा कि दोपहर तक ए320 परिवार के 160 विमानों में जरूरी अपग्रेड का काम पूरा किया और बाकी चालीस विमानों की जांच जारी है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि इन जांचों की वजह से कोई भी उड़ान रद्द नहीं की गई है। हालांकि, कुछ उड़ानों में हल्की देरी हो सकती है।
एयरबस ने ए320 परिवार के विमानों के उड़ान नियंत्रण (फ्लाइट कंट्रोल) से जुड़ी एक संभावित समस्या की ओर इशारा किया है, जो तेज सूरज की किरणों (सौर विकिरण) के कारण हो सकती है। एयरलाइन इस समस्या को दूर करने के लिए सॉफ्टवेयर अपग्रेड या हार्डवेयर को सही जगह पर सेट करने का काम कर रही है।
ये भी पढ़ें:
Airbus Software: 'ठीक हो चुके हैं आधे से ज्यादा प्लेन', A320 विमान के सॉफ्टवेयर अपडेट पर बोला DGCA
इन जांचों के लिए इंडिगो के कुल 200 विमानों को चुना गया था। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, दोनों संगठनों के साथ मिलकर काम करते हुए हमारे कुल 200 विमानों को इन जांचों के लिए चुना गया था। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 12 बजे (भारतीय समयानुसार) तक 160 विमानों पर जरूरी काम पूरा हुआ और बाकी विमानों की जांच अच्छे से आगे बढ़ रही है और जांच तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी।
विमानन मंत्रालय ने विमानों के अपग्रेड पर ताजा अपडेट दिया है। इसके मुताबिक-
इंडिगो: कुल 200 विमान प्रभावित हैं। इनमें से 184 विमानों में सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम पूरा हो चुका है। सभी प्रभावित विमानों में सॉफ्टवेयर अपग्रेड आज रात 23:59 बजे तक पूरा होने की संभावना है।
एअर इंडिया: कुल 113 विमान प्रभावित हैं। इनमें से 69 विमानों में सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम पूरा हो चुका है। सभी प्रभावित विमानों में यह अपग्रेड आज ही पूरा कर लिया जाएगा।
एअर इंडिया एक्सप्रेस: कुल 25 विमान प्रभावित हैं। इनमें से 17 विमानों में सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काम पूरा हो चुका है। सभी प्रभावित विमानों में अपग्रेड आज पूरा कर लिया जाएगा।