गोवा से हैदराबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट ने 14 यात्रियों को छोड़कर नियत समय से 25 मिनट पहले उड़ान भर ली। यह घटना सोमवार की है। इससे परेशान यात्रियों का आरोप है कि बिना किसी घोषणा के तय समय से पहले ही फ्लाइट ने उड़ान भर ली थी। हालांकि इंडिगो के प्रवक्ता ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि एयरलाइन ने यात्रियों से गेट पर रिपोर्ट करने के लिए कई बार अनाउंसमेंट की लेकिन कोई नहीं पहुंचा।
यात्रियों के अनुसार इंडिगो फ्लाइट 6ई 259 ने कल रात को अपने तय समय 10.50 से 25 मिनट पहले ही उड़ान भर ली थी। इन सभी यात्रियों के पास बोर्डिंग पास मौजूद थे और सभी फ्लाइट बोर्ड करने का इंतजार कर रहे थे मगर वे एयरपोर्ट पर ही इंतजार करते रह गए। फ्लाइट को रात के 12.05 बजे हैदराबाद में लैंड करना था लेकिन यह 11.40 पर ही लैंड हो गई। इंडिगो प्रवक्ता का कहना है कि यात्रियों ने गेट पर रिपोर्ट नहीं की। उन्होंने कहा- बोर्डिंग गेट 10.25 पर बंद हो गया था जबकि ये यात्री 10.33 पर वहां पहुंचे थे। इंडिगो स्टाफ ने एयरपोर्ट पर उन्हें ढूंढने की कोशिश की और कई बार अनाउंसमेंट करवाई।
प्रवक्ता ने आगे कहा- स्टाफ ने यात्रियों को उनके द्वारा दिए गए नंबरों पर फोन किया लेकिन वो उनके ट्रैवल एजेंट थॉमस कुक का नंबर निकला। जिन्होंने हमें उनके नंबर देने से मना कर दिया लेकिन यात्रियों को इस बात की सूचना देने का वादा किया। बहुत से यात्री एयरलाइन द्वारा किए गए प्रयासों के साक्षी हैं। हमारी कोई गलती ना होने के बावजूद भी इंडिगो ने उन्हें मुफ्त में सुबह की फ्लाइट उपलब्ध करवाई।