पिछले चार दिनों में इंडिगो की एक हजार से अधिक उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देशभर के हवाई अड्डों पर अब भी बड़ी संख्या में यात्री फंसे हुए हैं। इस बीच, विमानन नियामक डीजीसीए के नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेडशन (एफडीटीएल) नियमों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। इंडिगो की उड़ानों में देरी और रद्द होने के कारण यह कदम उठाया गया है।
अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक यात्री अपनी परेशानियों के चलते रोती हुई दिखाई दी। यहां लंबी कतारें लगी थीं क्योंकि कुछ इंडिगो की उड़ानें फिर से रद्द कर दी गई थीं।
इंदौर में एक यात्री ने बताया, मैं कोलकाता और हैदराबाद में दो दिन फंसा रहा। किसी तरह दूसरी एयरलाइन से इंदौर पहुंचा। लेकिन मेरा सामान अभी तक नहीं मिला। मैं इसी वजह से परेशान हूं। वहीं, एक अन्य यात्री ने कहा, मेरा सामान पिछले दो दिन से नहीं आया और कोई जानकारी नहीं मिल रही है। मैं तीन दिसंबर को इंडिगो की उड़ान से इंदौर आया था। उन्होंने मुझे रिपोर्ट और संपर्क नंबर दिया। लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
ये भी पढ़ें:
'कीमत चुकानी होगी...', इंडिगो संकट के लिए विमानन मंत्री ने चालक दल के कुप्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार
असम में स्मार्ट इंडिया हैकथॉन 2025 में हिस्सा लेने वाले छात्र और उनके मेंटर्स भी उड़ानों में देरी और रद्द होने कारण गुवाहाटी नहीं पहुंच पाए। छात्र माहर्षि जानी ने बताया, हमारा छह लोगों का दल था और हमारे दो मेंटर्स थे। हमारी छह-सात महीने की मेहनत अब बेकार हो गई। ट्रेन से जाने में तीन दिन लगेंगे। ऐसे मौके बहुत कम मिलते हैं। पहले प्रयास में चयन हुआ था, लेकिन उड़ान रद्द होने के कारण हम कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए।
अहमदाबाद से लखनऊ जाने वाले इखलाक हुसैन ने कहा, मैं जेद्दा (सऊदी अरब) से अहमदाबाद पहुंचा, लेकिन पिछले दो दिनों से उड़ान लगातार रद्द हो रही है और हमें इंतजार करना पड़ रहा है।
ये भी पढ़ें:
इंडिगो संकट के चलते कर्मचारी की शादी में नहीं पहुंच पाए सिंगापुर के उच्चायुक्त, ऑनलाइन दी शुभकामनाएं
गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। एक यात्री सुखचैन ने बताया, मेरी कल शाम साढ़े छह बजे इंडिगो की उड़ान थी, लेकिन वह रद्द हो गई। इसे आज सुबह 11 बजे के लिए पुनर्निर्धारित किया गया, लेकिन वह भी रद्द हो गई। एयरलाइन ने कहा कि या तो रिफंड करेंगे या हमें और इंतजार करना पड़ेगा।
अपने परिवार के साथ यात्रा कर रहे और गुवाहाटी हवाई अड्डे पर फंसे भारतीय सेना के एक जवान ने कहा, मुझे कल रात तक कोई सूचना नहीं मिली। इसलिए मैं अपने बच्चों और परिवार के साथ यहां पहुंचा। हम सिलचर जा रहे थे। लेकिन यहां पहुंचने के बाद हमें पता चला कि मेरी इंडिगो उड़ान रद्द कर दी गई है।
संबंधित वीडियो-