Indigo: सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग इंडिगो की उड़ानें रद्द होने के कारण झारखंड में अपने कर्मचारी की शादी में नहीं पहुंच पाए। वह वीडियो कॉल के माध्यम से शादी में शामिल हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने कर्मचारी से इसके लिए माफी मांगी और बताया कि दूरी और उड़ान की परेशानी के बावजूद शादी की खुशी ने उन्हें जोड़े रखा।
भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग भी उन यात्रियों की तरह फंस गए, जिनकी उड़ानें इंडिगो ने आखिरी समय में रद्द कर दी। वह झारखंड के देवघर में एक शादी में शामिल होने वाले थे। यह शादी उनके एक कर्मचारी की थी। लेकिन अचानक उड़ान रद्द होने के कारण उनका वहां पहुंचना संभव नहीं हो सका।
विज्ञापन
इंडिगो ने चार दिन में एक हजार से अधिक उड़ानें रद्द की हैं, क्योंकि नए विमानन नियमों के तहत कई पायलट और चालक दल के सदस्य लंबे समय तक ड्यूटी पर काम नहीं कर पाए। इस वजह से देशभर में यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। उन्हें लगातार अपडेट का इंतजार करना पड़ा।
सभी व्यवधानों के बावजूद वोंग वीडियो कॉल के जरिये शादी में शामिल हुए और अपनी शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने एक्स एक पोस्ट में लिखा कि दूरी और उड़ान की परेशानी के बावजूद शादी की खुशी उन्हें जोड़कर रखती है। वीडियो कॉल में वोंग भारतीय पारंपरिक पोशाक में नजर आए। उन्होंने परिवार और दुल्हन-दूल्हे की तस्वीरें साझा की। वह नई दिल्ली में अपने कार्यालय से वीडियो कॉल से जुड़े थे। उन्होंने लिखा कि भले ही दूरी और उड़ानों की परेशानी की वजह वह शामिल नहीं हो सके, लेकिन शादी की खुशी ने उन्हें फिर भी जोड़े रखा।
शादी में ऑनलाइन शामिल होने से पहले साइमन वोंग ने सार्वजनिक रूप से इंडिगो की उड़ान रद्द होने का स्क्रीनशॉट साझा किया और स्टाफ सदस्य से यात्रा न कर पाने के लिए माफी मांगी। उन्होंने लिखा, मैं उन लाखों यात्रियों में शामिल हूं, जो इंडिगो के कारण फंसे हैं। मेरी देवघर की उड़ान रद्द हो गई है। अपने युवा स्टाफ सदस्य से मैं अपनी गहराई से माफी मांगता हूं, जो शादी में मेरे आने का इंतजार कर रहे थे। शब्द ही नहीं हैं।
इंडिगो ने माफी मांगी
व्यवधान शुरू होने के चार दिन बाद इंडिगो ने यात्रियों से माफी मांगते हुए कहा कि वह सब कुछ एक साथ ठीक नहीं कर सकते। लेकिन वह जल्द से जल्द समाधान की पूरी कोशिश कर रहे हैं। एयरलाइन ने हवाई अड्डों पर फंसे यात्रियों से धैर्य रखने का अनुरोध भी किया।