अमेरिका में भारतीय नागरिक के साथ शर्मनाक बर्ताव की खबर सामने आई है। महिला उद्यमी श्रुति चतुर्वेदी ने बताया है कि अलास्का एयरपोर्ट पर उन्हें आठ घंटे तक रोका गया। बकौल श्रुति अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) के पुरुष जांच अधिकारी ने कपड़े उतारकर गलत तरीके से उनकी तलाशी ली। पूरा मामला उनके सामान में केवल एक पावर बैंक बरामद होने का है। श्रुति की एक्स पोस्ट वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि एयरपोर्ट पर उनकी तलाशी के दौरान कपड़े उतरवाए गए। हालांकि, एफबीआई अधिकारियों ने गहन तलाशी के लिए गर्म कपड़े उतारने को कहा।
हैंडबैग में रखे पावरबैंक को संदिग्ध बताया गया
श्रुति ने एक्स पर अलग-अलग और सिलसिलेवार पोस्ट में बताया कि वे बिल्कुल ठीक हैं और उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट अमेरिका से बाहर निकलने के बाद ही किया है। श्रुति ने बताया कि हैंडबैग में रखे पावरबैंक को संदिग्ध बताया गया और हवाईअड्डे की सुरक्षा के नाम पर उन्हें रोककर रखा गया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में विदेश मंत्री डॉ जयशंकर और विदेश मंत्रालय को भी टैग किया है।उन्होंने कहा कि अलास्का एयरपोर्ट पर शौचालय भी नहीं जाने दिया गया। उन्हें मोबाइल और वॉलेट का इस्तेमाल भी नहीं करने दिया गया।
ये भी पढ़ें- Air India: एअर इंडिया की उड़ान में यात्री ने शराब के नशे में की शर्मनाक हरकत, सहयात्री के ऊपर की पेशाब
श्रुति ने दूसरे देशों की तरफ से जारी यात्रा परामर्श का भी जिक्र किया
ब्रिटेन, जर्मनी, कनाडा, आयरलैंड, फिनलैंड और डेनमार्क जैसे देशों की तरफ से अमेरिका यात्रा को लेकर जारी परामर्श का जिक्र कर श्रुति ने दोपहर करीब पौने तीन बजे दो और एक्स पोस्ट किए। उन्होंने सवाल किया कि क्या भारत भी अपने नागरिकों की अमेरिका यात्रा को लेकर ऐसी ही एडवाइजरी जारी करेगा। बकौल श्रुति परामर्श जारी हो या नहीं, एक भारतीय के रूप में लोगों को अमेरिका जाने से पहले मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
अमेरिका जाने से पहले क्या करना चाहिए, आपबीती सुनाने वाली श्रुति ने बताई छह बातें
श्रुति ने अमेरिका जाने वाले यात्रियों के लिए अपने कड़वे अनुभव से मिले सबक भी साझा किए। उन्होंने छह बिंदुओं में साफ किया कि आगामी अमेरिका यात्राओं के दौरान पावर बैंक लेकर चलने से बचें। हालांकि, सुनने में यह हास्यास्पद लग रहा है, लेकिन इस कड़वे अनुभव के बाद उन्होंने खुद अपने तीन पावर बैंक होटल में ही छोड़ आने का फैसला लिया।
बिंदुओं में देखिए श्रुति के सुझाव-
- अमेरिका जाने वाले यात्रियों को अपनी टिकट और फ्लाइट का पूरा विवरण परिवार को बताना चाहिए।
- आपात स्थिति में मदद के लिए कुछ नंबरों को याद रखें।
- अपनी डिवाइस को चार्ज रखें। यात्रा के दौरान बैग में पावर बैंक लेकर न चलें।
- परिवार के साथ अपनी लाइव लोकेशन जरूर शेयर करें।
- सप्ताह के अंत में विदेश मंत्रालय कोई मदद नहीं करेगा, भले ही आपकी कितनी भी पहुंच या पहचान हो। आपके दोस्त और परिवार वाले कुछ भी नहीं कर सकेंगे।
अंत में श्रुति ने यह भी कहा कि यात्रियों को अमेरिकी अधिकारियों के दिशानिर्देशों को मानना ही होगा, उनके पास इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं होगा।
ये भी पढ़ें- Air India: एअर इंडिया ने लापरवाही के लिए सिम्युलेटर ट्रेनर पायलट को किया बर्खास्त, 10 पायलट ड्यूटी से हटाए
भारतीय हस्तियों के साथ पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले भी अमेरिकी एयरपोर्ट पर भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार के कई मामले सामने आ चुके हैं। कई हाईप्रोफाइल मामले भी सामने आए हैं, जिसमें पूर्व राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान जैसी हस्तियों के साथ भी तलाशी के ऐसे ही आपत्तिजनक प्रकरण सामने आए हैं।
संबंधित वीडियो--