देश में कोविड-19 का संक्रमण तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। कोई भी रेलवे स्टेशन और ट्रेन के अंदर बिना मास्क के मिलता है तो उसे 500 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके लिए हर स्टेशन परिसर और ट्रेनों में मास्क चेकिंग का अभियान भी चलेगा।
रेल मंत्रालय ने सभी जोन के जनरल मैनेजर को पत्र लिखकर कहा है कि भारतीय रेलवे कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों का प्रभावी तरीके से कदम उठा रहा हैं। इसके तहत कोई व्यक्ति बिना मास्क लगाए स्टेशन परिसर या ट्रेन में यात्रा करते हुए मिलता है तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे स्टेशन पर थूकने और मास्क न पहनने वाले लोगों से 500 रुपये तक जुर्माना भी वसूला जाएगा। रेलवे के ये आदेश अलगे 6 महीने तक जारी रहेंगे।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए रेलवे प्रशासन यात्रियों से सख्ती से कोविड प्रोटोकाल का पालन करवा रहा है। इसके लिए रेल सुरक्षा बल के जवानों को ट्रेन, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में निगरानी के लिए लगाया गया है, ये जवान यात्रियों द्वारा कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी निगरानी करेंगे। साथ ही स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2 लाख 34 हजार से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं पिछले 24 घंटों में देश में 1300 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं, जो इस साल में सबसे ज्यादा हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 2,34,692 नए मामले सामने आए हैं। यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। नए मामलों के साथ अब देश में कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1,45,26,609 पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में 1,341 और लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद अब कुल मृतक संख्या बढ़कर 1,75,649 हो गई है।