रेलवे अपने 40 साल पुराने यात्री आरक्षण सिस्टम को आधुनिक बना रहा है। अगस्त 2026 में शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत 30 अक्तूबर तक 2,200 से अधिक ट्रेनों को नए सिस्टम से जोड़ा जा चुका है। इसे क्रिस तैयार कर रहा है। वहीं, आईआरसीटीसी वेबसाइट को भी अपग्रेड किया जा रहा है, ताकि अधिक भीड़ में टिकट बुकिंग प्रभावित न हो। रेल वन एप में एआई से वेटिंग टिकट कन्फर्म होने का अनुमान लगाने की सटीकता भी बढ़कर 94 फीसदी हो गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
भारतीय रेलवे अपने 40 साल पुराने यात्री आरक्षण सिस्टम को अपग्रेड कर रहा है। इसके तहत अब तक 2,200 से अधिक ट्रेनों को नए सिस्टम से जोड़ा जा चुका है। रेलवे ने अगस्त में यह प्रक्रिया शुरू की थी। रेलवे बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, 30 अक्तूबर 2026 तक 2,200 से अधिक ट्रेनें नए सिस्टम पर आ चुकी थीं। इसे सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) तैयार कर रहा है।
विज्ञापन
यात्री आरक्षण सिस्टम (पीआरएस) के जरिए आरक्षित टिकटों की बुकिंग, बदलाव और रद्द करने की सुविधा मिलती है। सीट आवंटन, प्रतीक्षा सूची, आरएसी और आरक्षण चार्ट भी इसी से तैयार होते हैं। यह सिस्टम 1986 में शुरू हुआ था। पिछले चार दशक में इसमें कई बदलाव किए गए हैं।
रेलवे ने 2002 में ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू की थी। अब कुल रेल टिकटों की करीब 89 फीसदी बुकिंग इंटरनेट के जरिए होती है। इस बीच आईआरसीटीसी भी अपनी वेबसाइट को अपग्रेड कर रही है। इसका मकसद अधिक भीड़ के समय वेबसाइट पर आने वाली दिक्कतें कम करना है। इसके लिए सर्वर, स्टोरेज, नेटवर्क और सॉफ्टवेयर में बदलाव किए जा रहे हैं। साथ ही वैकल्पिक सिस्टम तैयार किया जा रहा है, ताकि मुख्य सिस्टम में खराबी आने पर भी टिकट बुकिंग जारी रहे।
रेलवे के रेल वन ऐप में एआई की मदद से वेटिंग टिकट कन्फर्म होने का अनुमान लगाया जाता है। रेलवे के मुताबिक, इसकी सटीकता पहले 53 फीसदी थी, जो अब बढ़कर 94 फीसदी हो गई है। वर्ष 2025 में शुरू हुए इस ऐप से आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुक किए जा सकते हैं। इसमें टिकट रद्द कराने और रिफंड की सुविधा भी है। यात्री ट्रेन की लाइव स्थिति, समय, प्लेटफार्म नंबर, कोच की स्थिति और वेटिंग टिकट का अपडेट भी देख सकते हैं। रेल मदद सेवा भी इस ऐप पर उपलब्ध है।