अगर आप दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान पूर्वांचल दिशा की तरफ जाना चाह रहे हैं और नियमित ट्रेनों में आरक्षित टिकट नहीं है तो चिंता की कोई बात नहीं है। रेलवे इस दौरान पिछले साल की तुलना में 20-25 फीसदी अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी में है।
आनंद विहार से चलेंगी पूर्वांचल दिशा जाने वाली ट्रेनें
यात्रियों की तादाद का अनुमान लगाते हुए इस साल रेलवे प्रशासन ने निर्णय लिया है कि पूर्वांचल की तरफ जाने वाली ज्यादातर ट्रेनें आनंद विहार रेलवे स्टेशन से चलाई जाएं। दरअसल स्टेशन परिसर और प्लेटफाॅर्म का क्षेत्र ज्यादा होने की वजह से भीड़ को नियंत्रित करना नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली स्टेशन की तुलना में आसान रहता है। स्टेशन परिसर के बाहर टेंट लगाकर होल्डिंग एरिया भी बनेगा, ताकि जिसकी ट्रेन प्लेटफाॅर्म पर आने की घोषणा हो उन्हें ही प्लेटफॉर्म तक पहुंचने की अनुमति दी जा सके। इससे स्टेशन पर भीड़ कम होगी और भगदड़ की स्थिति नहीं होगी।
सप्ताह में दो दिन चलेगी आनंद विहार-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रख रेलवे ने ट्रेन संख्या 04044/04043 आनंद विहार-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन सप्ताह में दो-दो दिन दोनों दिशाओं से चलेगी। ट्रेन संख्या 04044 आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर स्पेशल तत्काल प्रभाव से 26 नवंबर को प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 04043 गोरखपुर-आनंद विहार स्पेशल 27 नवंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को चलेगी।