भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) अगले महीने से अपनी ई-खानपान सेवाओं को फिर से शुरू करेगा, जो यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की बात है। कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण 22 मार्च, 2020 को ई-खानपान सेवाओं को स्थगित कर दिया गया था।
भारतीय रेलवे की खानपान व्यवस्था, पर्यटन और ऑनलाइन टिकट संबंधी गतिविधियों का कार्यभार संभालने वाली आईआरसीटीसी विशेष रेलगाड़ियों में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ई-खानपान सेवाओं को फिर से शुरू करने जा रहा है।
इस संबंध में आईआरसीटीसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि रेल मंत्रालय की अनुमति मिलने के बाद आईआरसीटीसी फरवरी से चरणबद्ध तरीके से ई-खानपान सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। शुरू में लगभग 250 रेलगाड़ियों के लिए लगभग 30 रेलवे स्टेशनों पर सेवाएं शुरू की जाएंगी।