भारतीय रेल: बिना मास्क लगाए यात्रा करते यात्री
- फोटो : Amar Ujala
देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में सरकार लोगों से लगातार मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने को बोल रही है। मगर ऐसा हो नहीं रहा है। इसका ताजा उदाहरण भारतीय रेलवे में देखने को मिला। जहां शयनयान श्रेणी के डिब्बे में यात्री मास्क और मुंह ढके बिना दिखाई दिए। इससे पता चलता है कि लोग वायरस को लेकर कितने सजग और जागरुक हैं।
मास्क पहनना है बहुत जरूरी
कोरोना वायरस से बचाव के लिए मास्क पहनना बहुत जरूरी है। कई शोधों में इस बात का दावा किया जा चुका है कि मास्क पहनने से कोरोना से संक्रमण का खतरा बहुत कम हो जाता है। वहीं इसे ठीक तरह से पहनना भी आवश्यक होता है। इसके लिए बकायदा विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले दिनों एक वीडियो जारी करके बताया है कि मास्क पहनते समय कौन सी गलतियां नहीं करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- सरकार ने जारी की स्कूल और कॉलेजों की परीक्षाओं के लिए गाइडलाइन, रखना होगा इन बातों का ध्यान
मास्क से नाक को करें कवर
कोरोना वायरस से सुरक्षित रहने के लिए मुंह और नाक को अच्छी तरह कवर करना जरूरी है, परंतु इस समय बहुत से लोग मास्क को नाक के नीचे कर देते हैं। अगर आप भी ऐसा कर रहे हैं तो ऐसा करना बंद कर दें।
देश में हर घंटे आ रहे कोरोना के 4023 मामले
आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में हर घंटे औसतन 4023 मरीज मिले हैं साथ ही 50 मरीजों की मौत हुई है। देश में पहली बार पिछले दस दिनों में 9.40 लाख मरीज सामने आए। वहीं पिछले 24 घंटों में देश में हर घंटे औसतन 2950 मरीज ठीक हुए हैं जो हर घंटे मिले 4043 मरीजों की तुलना में 1073 कम है। आईसीएमआर के अनुसार देश में अब तक कुल 5,40,97,975 नमूनों की जांच हो चुकी है। इसमें 11,63,542 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है।