अपने कर्मियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेलवे ने सूचना प्रोद्यौगिकी की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट से हाथ मिलाया है। भारतीय रेलवे अब माइक्रोसॉफ्ट के कैजाला ऐप की सहायता से अपने कर्मियों को चैट आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
माइक्रोसॉफ्ट ने गुरुवार को कहा कि भारतीय रेल देशभर में अपने कर्मचारियों को गुणवत्तायुक्त चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने के लिए उसके 'कैजाला' समाधान का इस्तेमाल करेगी। कंपनी के कॉरपोरेट उपाध्यक्ष (अनुभव एवं डिवाइस समूह) राजीव कुमार ने कहा कि कैजाला भारतीय रेलवे के लिए पूरी तरह से अनुकूल है और इससे उन्हें काफी सहूलियत होगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘माइक्रोसॉफ्ट कैजाला एप रेलवे के मौजूदा और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को रेलवे के 125 और 133 अन्य पहचाने गए निजी अस्पतालों की सेवाओं का लाभ उठाने में मदद करेगा। दक्षिण मध्य रेलवे के चिकित्सक कैजाला के समूह का प्रबंधन करेंगे तथा चिकित्सकों के समूह, पैरामेडिकल कर्मी और नर्स उनकी मदद करेंगे।’