पायलटों के समूह भारतीय पायलट महासंघ ने नियामक डीजीसीए से एयरलाइनों के लिए थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली के लिए अपने मसौदा दिशानिर्देशों को वापस लेने का आग्रह किया। महासंघ ने कहा कि प्रस्तावित ढांचा भारतीय विमानन की परिचालन वास्तविकताओं की अनदेखी करता है और आवश्यक कानूनी सुरक्षा उपायों को दरकिनार करता है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 4 सितंबर को थकान जोखिम प्रबंधन प्रणाली (एफआरएमएस) पर एक विस्तृत मसौदा परिपत्र जारी किया था। डीजीसीए ने कहा था कि इसका उद्देश्य वैज्ञानिक, डाटा-आधारित थकान प्रबंधन दृष्टिकोण के जरिये उड़ान सुरक्षा को बढ़ाना है, जो मौजूदा निर्धारित उड़ान ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) विनियमों का पूरक है।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब एयरलाइन चालक दल में थकान को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में चिंता के बीच पायलटों के लिए बहुचर्चित उड़ान ड्यूटी समय सीमा (एफडीटीएल) मानदंडों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है।
इस पृष्ठभूमि में, भारतीय पायलट महासंघ (एफआईपी) ने कहा कि एफआरएमएस पर नियामक का मसौदा परिचालन परिपत्र मूल रूप से अपनी कानूनी प्रक्रिया, समय और विषयवस्तु में त्रुटिपूर्ण है। यह एक ऐसे पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक जटिल समाधान का प्रस्ताव करता है जो अभी तक बुनियादी बातों में निपुण नहीं हुआ है।
यह भारतीय विमानन की परिचालन वास्तविकताओं की अनदेखी करता है। साथ ही आवश्यक कानूनी सुरक्षा उपायों को भी दरकिनार करता है तथा एक सफल एफआरएमएस के सबसे महत्वपूर्ण तत्व को शामिल करने में विफल रहता है।
ये भी पढ़ें: Bihar SIR: कोर्ट में EC का दावा- कानूनी स्वयंसेवकों ने दर्ज किए 3000 से अधिक दावे, मदद नहीं कर रहे राजनीतिक दल