मेगा युद्धाभ्यास के तहत नौसेना ने आईएनएस प्रबल से मिसाइल दागी
- फोटो : एएनआई
चीन के साथ छह महीने से चल रही तनातनी के बीच नौसेना ने अरब सागर के सामरिक तौर पर अहम अज्ञात क्षेत्र में मेगा ड्रिल कर किसी भी वक्त युद्ध में जाने की अपनी तैयारी का प्रदर्शन किया। इस ड्रिल में एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रमादित्य समेत नौसेना के चुनिंदा उन्नत तकनीक वाले लड़ाकू जहाज हिस्सा ले रहे हैं।
अति गोपनीय तरीके से चल रहे इस ड्रिल में आईएनएस प्रबल ने दुश्मन के जहाज ध्वस्त करने वाला एंटी शिप मिसाइल दाग कर लक्ष्य को बुरी तरह तबाह कर दिया। आईएनएस प्रबल अगली पंक्ति का दमदार लड़ाकू जहाज है।
गौरतलब है कि अगले महीने क्वाद के सदस्य देश भारत, अमेरिका, जापान और आस्ट्रेलिया चीन की कड़ी आपत्तियों को दरकिनार कर बंगाल की खाड़ी में मेगा एक्सरसाइज करने वाले हैं।
शुक्रवार को नौसेना द्वारा जारी एक वीडियो में दिखाया गया है कि आईएनएस प्रबल से मिसाइल दागा गया जो काफी दूर खड़े एक पुराने जहाज के लक्ष्य पर सौ फीसदी सटीक निशाना लगाया। जहाज ध्वस्त हो कर देखते देखते डूब गया।
सूत्रों के मुताबिक नौसेना प्रमुख एडमिरल करमवीर सिंह ने गुरुवार को समुद्र में अपनी तैयारियों की समीक्षा की। एडमिरल ने भारत के एक मात्र एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रमादित्य से अहम ठिकानों पर तैनात कमांडरों से संपर्क साधा। एडिरम करमवीर ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में समुद्र में ठोस तैयारी के साथ सकारात्मक मनोदशा बनाए रखना हरेक नौसैनिकों की बड़ी उपलब्धि है।