कहा- कि सभी धर्म और जाति के दर्द को लेकर आगे बढ़ेगी कांग्रेस
कांग्रेस के यूपी में नियुक्त नए प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को अपनी मंशा साफ कर दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आक्रामक तरीके से हर जाति और धर्म के मजलूमों की परेशानी को लेकर आगे बढ़ेंगी। साफ किया कि कांग्रेस चुनाव से पहले सीएम का चेहरा तय करेगी। कैराना के मुद्दे को हवा देने के पीछे उन्होंने भाजपा की जातिवादी और धार्मिक सोच का बढावा देने वाला बताया।
गुलाम नबी आजाद सोमवार को कांग्रेस कार्यालय पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वह 16 जून को लखनऊ जाकर नई जिम्मेदारी के तहत काम शुरू करेंगे। आजाद ने कहा कि जिला और ब्लाक स्तर के संगठन में हालांकि काफी बदलाव कुछ दिन पहले ही किए गए हैं। अब कोशिश होगी कि संगठन को और चुस्त दुरस्त किया जाए।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रियंका प्रदेश में प्रचार करती रही हैं। उन्हें कमान सौंपे जाने का फैसला हाईकमान करे। उन्होंने कहा कि अभी तक जाति के आधार पर चुनाव हुए हैं लेकिन अब साजिश के तहत धर्म के आधार पर चुनाव करने की साजिश है। इसी आधार पर चुनाव में वोटोंका ध्रवीकरण करने की भाजपा की कोशिश है।
क्रास वोट करने वाले छह विधायकों पर होगी कार्रवाई
यूपी कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने कहा कि यूपी में विधान परिषद और राज्यसभा चुनाव में पार्टी के छह विधायकों के क्रास वोट करने की जानकरी संगठन को मिल गई है। उनकी रिपोर्ट मांग ली गई है। जल्द उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि कांग्रेस के तीन विधायकों ने बसपा और तीन ने भाजपा के पक्ष में वोटिंग की थी।