सऊदी अरब में नौकरानी का काम करने वाली हसीना बेगम सकुशल भारत लौट आई हैं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और तेलंगाना के मंत्री के.टी रामाराव की मदद से हसीना मंगलवार को अपने घर हैदराबाद लौट पाईं।
आपको बता दें कि हसीना बेगम पिछले साल अक्टूबर में नौकरी के सिलसिले में सऊदी अरब के दम्मम गई थीं। लेकिन वहां उनका शोषण किया जाता था। उन्हें तनख्वाह भी नहीं दी जाती थी।
ये भी पढ़ें- भारत दूतावास में पहुंचे सऊदी अरब में बंधक बनाए गए युवक
उनका मालिक शमान समी खलीफा उन्हें एक कमरे में बंद करके रखता था और बाहर जाने की इजाजत नहीं देता था। किसी तरह हसीना वहां से भाग निकलीं और पुलिस स्टेशन पहुंच गईं। लेकिन खलीफा दोबारा उन्हें अपने घर वापस ले गया।
पिछले महीने मार्च में जब वो दोबारा भागने की कोशिश कर रही थीं तो खलीफा ने उन्हें एक इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया था। जिसके बाद से वो लगातार मालिक के चंगुल से खुद को बचाए जाने की अपील कर रही थीं।
हसीना के परिवार को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने 31 मार्च को तेलंगाना के संगठन मजलिस बचाओ तहरीके से मदद मांगी। संगठन ने सुषमा स्वराज और सऊदी में भारतीय दूतावास के अधिकारियों को पत्र लिखा। मामला संज्ञान में आने के बाद सुषमा ने कदम उठाया जिससे हसीना हैदराबाद पहुंच पाईं। इस मामले में बेगमपेट पुलिस ने स्थानीय एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें- सऊदी में भारतीय महिला के साथ शारीरिक शोषण, 3 लाख में बेचा
हैदराबाद एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान हसीना ने सुषमा, के.टी रामाराव और सऊदी में भारतीय दूतावास को शुक्रिया कहा।