नरेंद्र मोदी, एस जयशंकर (फाइल फोटो)
विदेश मंत्री एस जयशंकर की ओर से शनिवार को आयोजित रात्रिभोज (डिनर) में पाकिस्तानी राजदूत या उच्चायोग के प्रतिनिधि भी शिरकत करेंगे। नई सरकार में पहली बार और बीते कुछ वर्षों में यह पहला मौका होगा जब सरकार के किसी कार्यक्रम में पाकिस्तान के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्री के डिनर में पाकिस्तानी उच्चायुक्त की जगह उप उच्चायुक्त शिरकत करेंगे। हालांकि, विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है।
गौरतलब है कि विदेश मंत्री बनने के बाद जयशंकर शनिवार को एक पांच सितारा होटल में दुनिया के कई देशों के राजदूतों और उच्चायुक्तों को आमंत्रित किया है। खास बात यह है कि मेहमानों की सूची में पाकिस्तानी उच्चायोग को भी शामिल किया गया है। सूत्रों का कहना है कि डिनर में पाकिस्तानी उच्चायुक्त नहीं बल्कि उप उच्चायुक्त शिरकत करेंगे।
डिनर पार्टी की खूब हो रही चर्चा
डिनर पार्टी की इसलिए भी चर्चा है कि गुरुवार को ही पीएम मोदी और विदेश मंत्री ने अपने पाकिस्तानी समकक्षों को साफ शब्दों में कहा कि आतंकवाद, हिंसा पर कार्रवाई के जरिए विश्वास बहाली के बिना भारत किसी तरह की बातचीत नहीं करेगा। नई सरकार के गठन के बाद अंतर्राष्ट्रीय मंच पर दो ऐसे मौके आए जब दोनों देशों के पीएम मौजूद थे। हालांकि इन दोनों ही कार्यक्रमों में पीएम ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष से दूरी बना ली थी।
सरकारी सूत्र हालांकि पाकिस्तान को डिनर पर बुलाने को भविष्य में दोनों देशों की बातचीत की बनती संभावना के रूप में नहीं देख रहे। सूत्र का कहना है कि पाक को दिए गए न्यौते को महज शिष्टाचार के नजरिये से देखा जाना चाहिए।