सऊदी अरब के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सऊदी अरब के दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मंदी के बावजूद भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। इससे दुनिया में नई उम्मीद जगी है। कुछ लोग तो भारत को चमकता सितारा भी कह रहे हैं।
मोदी की इस यात्रा के दौरान दोनों देश सामरिक भागीदारी को मजबूत करने के समझौते करने के साथ सुरक्षा और आतंकवाद से निपटने के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर देंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने दुनिया को बहुत कुछ दिया है। खास तौर पर आधुनिक कौशल के साथ प्रतिभावान श्रमबल दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी इसी दिशा में काम कर ही है, जिसका मंत्र ही है, ‘सबका साथ-सबका विकास’।
अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि पहले हमें ‘कई देशों में से एक’ माना जाता था, मगर अब हमें ‘बेहद अहम देश’ माना जाता है। पीएम ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर मंदी के बावजूद भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। आज भारत आर्थिक रूप से विकास कर रहा है और दुनिया हमारी तरफ देख रही है।’ इससे पहले मोदी वाशिंगटन से शनिवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर सऊदी अरब पहुंचे। खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे मोदी का रियाद के गवर्नर प्रिंस फैजल बिन बंदार बिन अब्दुल अजीज ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
फैजल सऊदी शाही परिवार के सदस्य हैं। मोदी को हवाई अड्डे से सीधे शहर के मध्य में बने किंग सऊद गेस्ट पैलेस में ले जाया गया, जहां मोदी की मेजबानी सऊदी के शाह सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सऊद कर रहे हैं। बीते सात महीनों में मोदी का खाड़ी देश का यह दूसरा दौरा है।